गोदाम के पास सो रहे भूसा व्यापारी की धारदार हथियार से वारकर हत्या - जांच में जुटी पुलिस



चंदौली। जिले में अलीनगर थाना क्षेत्र के ख्यालगढ़ गांव में भूसा गोदाम के दरवाजे पर सो रहे महेंद्र कुमार उर्फ पप्पू (48) की धारदार हथियार से सिर पर प्रहार कर हत्या कर दी गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही मामले की जांच पड़ताल में जुट गई। अलीनगर थाना क्षेत्र के ख्यालगढ़ गांव निवासी भूसा व्यापारी महेंद्र कुमार उर्फ पप्पू (48) रविवार रात खाना खाने के बाद अपने घर से करीब 50 मीटर दूर भूसा गोदाम के बाहर चौकी पर सोने चला गया।

उसके पुत्र गांव से इलिया क्षेत्र के बेन तियरी गांव में गई बारात में गए थे। देर रात किसी ने महेंद्र के सिर पर धारदार हथियार से प्रहार कर हत्या कर दी। घटना की जानकारी परिजनों को सोमवार सुबह हुई। मृतक की पत्नी मुन्नी देवी जब जगाने के लिए गई तो खून से लथपथ शव पड़ा था। वहीं चौकी और बिस्तर पर भी खून फैला था। जिसे देखते ही वह चीखने-चिल्लाने लगी। आवाज सुनकर परिजन और ग्रामीण भी मौके पर पहुंचे। सूचना पर सीओ पीडीडीयू नगर अनिल राय, अलीनगर थाना प्रभारी निरीक्षक सतेंद्र विक्रम सिंह और लौदा चौकी प्रभारी प्रेम नारायण सिंह फोर्स के साथ पहुंचे।

फॉरेंसिक और डॉग स्क्वायड टीम भी घटनास्थल पर पहुंच गई। परिजन हत्यारों की तत्काल गिरफ्तारी और आर्थिक मदद की मांग को लेकर प्रदर्शन करने लगे। बगैर मांग पूरी हुई शव को नहीं ले जाने पर अड़ गए। काफी समझाने बुझाने के बाद वे माने। इस बाबत सीओ अनिल राय ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। प्रथम दृष्टया धारदार हथियार से सिर पर प्रहार होने से पप्पू की मौत हुई है। एहतियात के तौर पर गांव में पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई है।

Post a Comment

0 Comments