आजमगढ़ः पार्टी के दौरान मोबाइल को लेकर हुए विवाद में दोस्तों ने पीट-पीट कर मार डाला- जांच में जुटी पुलिस


पंकज सिंह

आजमगढ़। शहर कोतवाली क्षेत्र के पचपेड़वा घाट पर रविवार को पार्टी करने गए दोस्तों में मोबाइल गायब होने को लेकर विवाद हो गया। इस दौरान एक युवक की इतनी पिटाई कर दी गई कि सोमवार सुबह उसकी मौत हो गई। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। शहर के रैदोपुर बस्ती निवासी सुमित कुमार (20) पुत्र मुन्नू रविवार दिन में दोस्तों के साथ पार्टी करने पचपेड़वा घाट पर गया था। लगभग दो बजे पार्टी खत्म हुई तो दोस्तों में मोबाइल गायब होने के लेकर विवाद हो गया। कहासुनी के बाद मारपीट होने लगी। जिसमें सुमित को उसके ही दोस्तों ने मारपीट कर गंभीर रूप से घायल कर दिया।

घटना की जानकारी के बाद सुमित के परिजन मौके पर पहुंचे और उसे उठा कर घर ले आए। सुमित की लात-घूसों से जम कर पिटाई की गई थी। जिससे उसे अंदरूनी चोट लगी थी, लेकिन किसी को इसकी जानकारी नहीं हो सकी। स्थानीय स्तर पर दवा आदि लेकर सुमित रात में घर पर ही रह गया। सोमवार सुबह अचानक से उसकी तबीयत बिगड़ गई।

आननफानन परिजन उसे लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। युवक के मौत की सूचना घर पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया। सुमित के पांच भाई और एक बहन बताए गए हैं। परिजनों की सूचना पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं पुलिस पार्टी के दौरान मौजूद सुमित के दोस्तों की तलाश में जुट गई है।

Post a Comment

0 Comments