मुबारकपुर/आजमगढ़। स्थानीय थाना क्षेत्र के ग्राम सभा इब्राहिमपुर मे भाई ने ही बहन की हत्या इसलिए कर दी की बहन ने खाना नहीं बनाया था। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने हत्यारे भाई को गिरफ्तार किया और कब्जे प्रयुक्त हथियार व बाडी को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मिली जानकारी के अनुसार, मुबारकपुर थाना क्षेत्र के ग्राम सभा इब्राहिमपुर में दस साल पहले माता-पिता के मौत हो जाने के बाद बहन हाजरा खातून उम्र लगभग 25 वर्ष पुत्री स्वर्गीय अत्ताउल्लाह व भाई नौशाद अहमद उर्फ मंकु उम्र लगभग 20 वर्ष दोनों अविवाहित साथ रहते थे। सोमवार को करीब दस बजे भाई नौशाद कही से मजदूरी कर वापस घर लौटा और बहन से खाना मांगने लगा तब बहन ने कहा कि अभी खाना नहीं बनाना है। इस बात से नाराज भाई ने बहन की धारदार हथियार से गला रेत कर हत्या कर दी।
स्थानीय लोगों ने इस वारदात की सूचना पुलिस को दी। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपित भाई को गिरफ्तार कर मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस संबंध में पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य ने बताया कि मुबारकपुर थाना क्षेत्र के ग्राम सभा इब्राहिमपुर में आपसी विवाद में भाई ने बहन की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपित को हिरासत में लेकर हत्या में प्रयुक्त हथियार बरामद कर लिया है।

0 Comments