सपा महानगर अध्यक्ष को भेंट की चूड़ियां-जाने ऐसा क्यों हुआ



मुजफ्फरनगर। सपा के महानगर अध्यक्ष अलीम सिद्दीकी को बागी कार्यकर्ता ने मासिक बैठक के दौरान पार्टी कार्यालय पर पहुंचकर चूूड़ियां भेंट की, जिस पर हंगामा हो गया। जिलाध्यक्ष ने डांट फटकार कर मामला शांत किया। सपा में अंदरूनी कलह खुलकर सामने आ रही है। शनिवार के घटनाक्रम से वरिष्ठ पदाधिकारी असहज हो गए हैं। जिलाध्यक्ष प्रमोद त्यागी ने महावीर चैक स्थित पार्टी कार्यालय पर बैठक बुलाई थी। बैठक के दौरान सपा के पूर्व नगर मीडिया प्रभारी सुजात राणा आए और नारेबाजी करने लगे। इसी दौरान महानगर अध्यक्ष अलीम सिद्दीकी बैठक से बाहर आए। सुजात राणा ने उन्हें चूडियों का डिब्बा भेंट कर दिया। उन्होंने डिब्बा खोला तो तैश में आ गए। मामला हाथापाई तक पहुंच गया। सुजात राणा के खिलाफ कई कार्यकर्ताओं ने आक्रोश जताया और वहां से चले जाने को कहा। जिलाध्यक्ष ने दोनों को समझाया। सुजात राणा को डांट भी लगाई। बता दें कि बीते दिनों सुजात राणा ने जिलाध्यक्ष पर अशोभनीय टिप्पणी की थी, जिस पर उन्हें निष्कासित कर दिया था। जिलाध्यक्ष प्रमोद त्यागी ने बताया कि सुजात राणा की मानसिक स्थिति ठीक नहीं है। इसी के चलते उसने महानगर अध्यक्ष को चूडियां दी। उसे डांटकर मामले को शांत किया गया।

Post a Comment

0 Comments