पूर्व कैबिनेट मंत्री रंगनाथ मिश्रा की भाजपा में घर वापसी, नाराज सपा के पूर्व विधायक ने थामा कमल



लखनऊ। 18वीं विधानसभा चुनाव के पहले चरण के मतदान के पहले तक नेताओं के पाला बदलने का क्रम जारी है। शनिवार को बसपा और सपा के नेता अपने समर्थकों संग भाजपा में शामिल हो गए। प्रदेश के अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह ने शामिल नेताओं को पार्टी की सदस्यता दिलाई। भाजपा के रामप्रकाश गुप्ता की सरकार में राज्य मंत्री व मायावती सरकार में कैबिनेट मंत्री रहे रंगनाथ मिश्रा ने अपने भदोही के समर्थकों संग भाजपा की सदस्यता ली है।

टिकट कटने पर फूट-फूटकर रोए

सीतापुर के सिधौली के पूर्व सपा विधायक मनीष रावत ने भी शनिवार को भाजपा की सदस्यता ग्रहण की है। सपा ने इस बार उनकी जगह पर बसपा से सपा में शामिल होने वाले हरगोविंद भार्गव को प्रत्याशी बनाया है। वहीं समाजवादी पार्टी ने मनीष रावत की सास पूर्व सांसद सुशीला सरोज कोे मलिहाबाद से प्रत्याशी बनाया है। समाजवादी पार्टी से टिकट कटने के बाद जनता के बीच में जाकर पूर्व विधायक मनीष रावत फूट-फूटकर रोए थे। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि आखिरकार पैसा जीत गया और सिधौली की जनता की मेहनत हार गई।

सपा ने रूकवाई किसानों की प्रगतिः स्वतंत्रदेव

प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह ने कहा कि सपा ने किसानों की प्रगति रुकवाई है। इनके शासनकाल में तो जनता बिजली पाने को तरसती थी। भाजपा जनकल्याण की बात करती है तो समाजवादी पार्टी गन की बात करती है। अब जनता इस बात को समझ गई पिछली चुनाव में सपा 50 के अंदर थी तो इस बार पूरी तरह से साफ हो जाएगी।

Post a Comment

0 Comments