लखनऊ। यूपी के आगामी विधानसभा चुनाव के लिए जोरदार तैयारी में लगी भाजपा सीएम योगी को भी चुनाव लड़ाएगी। सीएम अयोध्या और गोरखपुर में से किसी एक जगह से चुनाव लड़ सकते हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने चुनावी वर्ष 2022 के पहले दिन शनिवार को पूरे आत्मविश्वास के साथ दावा किया कि विधानसभा चुनाव में भाजपा न केवल 300 से ज्यादा सीटें जीतेगी, बल्कि फिर सरकार भी बनाएगी। तमाम अटकलों और चर्चाओं को किनारे करते हुए स्पष्ट बोले कि वह चुनाव लडने के लिए तैयार हैं। कहां से लड़ेंगे, यह पार्टी तय करेगी। यह भी साफ कर दिया कि भाजपा एक परिवार है, जिसमें सभी को अपनी भूमिका बदले जाने के लिए तैयार रहना होता है।
मुख्यमंत्री ने पत्रकारों से बातचीत के दौरान सरकार की तमाम उपलब्धियों को गिनाते हुए कहा कि जो कहा था, उसे पूरा किया है। एक सवाल पर उन्होंने कहा कि हाल के वर्षों में केन्द्र व राज्य सरकार के विकास कार्यों के आगे जातियों की राजनीति हाशिए पर पहुंच गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा परिवार है। यहां सभी को अपनी भूमिका बदले जाने के लिए तैयार रहना होता है। इस बार पार्टी का निर्देश है कि मैं भी चुनाव लड़ूं तो मैं इसके लिए तैयार हूं। उन्होंने मैं चुनाव लडूंगा? मैं चुनाव लडने के लिए तैयार हूं। अयोध्या या गोरखपुर से चुनाव लडने की संभावना जताए जाने पर योगी आदित्यनाथ ने मुस्कुराते हुए कहा कि वैसे तो मैं सभी 403 सीटों से चुनाव लड़ रहा हूं, लेकिन मेरी कोई व्यक्तिगत इच्छा नहीं है। पार्टी जहां से कहेगी, वहां से चुनाव लड़ लूंगा। गौरतलब है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ वर्तमान में विधान परिषद के सदस्य हैं। परिषद सदस्य के रूप में उनका कार्यकाल इसी वर्ष छह जुलाई तक का है।
0 Comments