गोरखपुर। गगहा थाना क्षेत्र के बासूडीहा गांव में विधवा बहन को घर से निकाल रहे युवक ने विरोध करने पर अपने बुजुर्ग मां को बेरहमी से पीट दिया. सिर में गंभीर चोट लगने से देर रात उनकी मौत हो गई. वारदात के बाद आरोपित फरार हो गया. इस वारदात सूचना पोते ने पुलिस को दी. पुलिस ने गजपुर के पास आरोपित को गिरफ्तार कर लिया.
मिली जानकारी के अनुसार, बासूडीहा गांव का रहने वाला अभय प्रताप सिंह उर्फ गुड्डू नशे का आदी है. उसके पिता व पत्नी की पहले ही मौत हो चुकी है. घर पर 66 वर्षीय मां कांति देवी, विधवा बहन ममता, बेटे रोशन और आर्यन के साथ रहता है. इस बीच शराब के नशे में घर पहुंचा अभय अपनी विधवा बहन को घर से निकालने लगा. कांति देवी ने विरोध किया तो पिटाई करने के बाद सिर दीवार से लड़ा दिया. सिर में गंभीर चोट लगने से वह अचेत हो गई. बेटी के साथ ही पौत्र रोशन व आर्यन ने बीच-बचाव किया. वारदात के बाद आरोपित घर छोड़कर फरार हो गया. देर रात में कांति देवी की मौत होने पर अभय के बेटे रोशन ने डायल 112 पर फोन कर घटना की जानकारी दी. एसपी साउथ अरुण कुमार सिंह ने बताया कि रोशन ने दादी की पीटकर हत्या करने वाले अपने पिता अभय के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है. आरोपित को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है.
पुलिस के अनुसार, वर्ष 2013 में अभय की पत्नी सीमा सिंह ने खुदकुशी कर ली थी. इस मामले में गगहा पुलिस ने अभय के साथ ही उसके पिता व मां पर आत्महत्या के लिए उकसाने का केस दर्ज कर जेल भेजा था. दो साल बाद ससुराल पक्ष के लोगों ने सुलह कर लिया. जिसके बाद आरोपित जेल से छूट गए.

0 Comments