पैर में गोली लगने के बाद अस्पताल में भर्ती, साथी अनीस खरवार को भी गिरफ्तार
प्रयागराज। जिले में यमुनापार के मांडा स्थित आंधी गांव में एक ही परिवार के तीन लोगों की हत्या का आरोपित प्रदीप कुमार खरवार उर्फ जोशी शनिवार रात पुलिस मुठभेड़ में घायल हो गया. उसे पैर में गोली लगने के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया. पुलिस ने प्रदीप के साथी अनीस खरवार को भी गिरफ्तार किया है. दोनों बिहार के रोहतास जिले के डेहरी के निवासी हैं. इस गैंग ने मांडा के अलावा थरवई, कौंधियारा समेत कई अन्य जगह पर भी वारदात को अंजाम दिया है।
एसपी यमुनापार सौरभ दीक्षित ने बताया कि सात मई 2020 में आंधी गांव निवासी नंदलाल यादव, उसकी पत्नी व बेटी की धारदार हथियार से हत्या की गई थी. उस घटना का पर्दाफाश के लिए टीमें लगाई गई थी. इसी दौरान पता चला कि बाहरी गैंग यहां आता है और लूट, हत्या करके भाग जाता है. शनिवार की रात में मांडा इलाके में कुछ संदिग्ध बदमाशों को होने की सूचना मिली थी. उनकी गिरफ्तारी के लिए इंस्पेक्टर मांडा अवन दीक्षित, एसओजी यमुनापार प्रभारी संतोष सिंह की टीम लालगंज रोड पर चेकिंग लगाई थी.
एसपी यमुनापार के अनुसार पुलिस चेकिंग के दौरान बाइक सवार दो संदिग्ध बदमाश आते हुए दिखाई दिए. उन्हें रोकने का प्रयास किया तो पुलिस पार्टी पर फायरिंग करके भागने लगे. तब पुलिस ने जवाब फायरिंग की, जिसमें प्रदीप के पैर में गोली लग गई. गोली लगते ही वह जमीन पर गिर पड़ा तो साथी अनीस भागने लगा. पुलिसकर्मियों ने उसे भी दौड़ाकर पकड़ लिया. पुलिस का दावा है कि दोनों बदमाश नई घटना को अंजाम देने के फिराक में आए थे. एसपी यमुनापार ने बताया कि गैंग का सरगना प्रदीप है. इसके गिरोह से जुड़े लोग गांव में शहद, महुआ जैसी वस्तु बेचने के बहाने रेकी करते थे. इसके बाद लूट करते थे और विरोध करने वालों को मौत के घाट उतार देते थे. पूछताछ में कुछ और जानकारी मिलने की उम्मीद है.

0 Comments