जिलाधिकारी के आदेश पर आजमगढ़ पुलिस रवाना
आजमगढ़। बांदा जेल में बंद माफिया मुख्तार अंसारी पर पुलिस-प्रशासन एक और बड़ी कार्रवाई करने तैयारी में है. लखनऊ में करोड़ों की जमीन कुर्क करने के लिए आजमगढ़ की पुलिस शनिवार को रवाना हो गई. पहले से मुश्किलों में घिरे मुख्तार अंसारी के लिए फिर एक और नई मुसीबत खड़ी हो गई है. मिली जानकारी के अनुसार, बाहुबली विधायक और माफिया मुख्तार अंसारी के खिलाफ आजमगढ़ के तरवां थाने में गैंगेस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज है. इसके तहत अपराध की कमाई से अर्जित की गई उसकी संपत्ति को कुर्क करने की कवायद में जनपद पुलिस जुटी हुई है.
मुकदमे की विवेचना के दौरान विवेचक ने मुख्तार अंसारी की लखनऊ में 194 वर्ग मीटर में फैली संपत्ति को चिन्हित किया. उक्त संपत्ति की कीमत करीब तीन करोड़ रुपए है. पुलिस की तरफ से उसे कुर्क करने के लिए आख्या जिलाधिकारी को भेजी गई. जिसके बाद जिलाधिकारी ने आदेश जारी कर दिया. शनिवार को जिले से पुलिस की टीम विवेचक प्रशांत श्रीवास्तव के नेतृत्व में लखनऊ रवाना हो गई. एसपी अनुराग आर्य ने बताया कि गैंगस्टर एक्ट के तहत मुख्तार के खिलाफ तरवां थाने में मुकदमा दर्ज है. इसके तहत ही कार्रवाई करते हुए लखनऊ में मुख्तार की संपत्ति कुर्क करने को टीम रवाना की गई है. उन्होंने बताया कि मुख्तार ही नहीं अन्य जो भी गैंगस्टर के तहत पाबंद अपराधी हैं, उनकी अपराध की दुनिया से हुई कमाई से बनाई गई संपत्ति को भी कुर्क किया जाएगा. इससे पहले भी माफिया मुख्तार अंसारी और उसके गैंग के खिलाफ मऊ और गाजीपुर जिले में पुलिस-प्रशासन ने कार्रवाई की है. मुख्तार अंसारी की अवैध संपत्तियों पर खड़े मकानों और काम्प्लेक्स को ध्वस्त किया जा चुका है.

0 Comments