गोदाम में मिली 1.09 करोड़ की विदेशी हरी मटर व पॉपकॉर्न



नेपाल के रास्ते कनाडा, अर्जेटीना और दक्षिण अफ्रीका से तस्करी के जरिए पहुंची

गोरखपुर। डायरेक्ट्रेट ऑफ रेवन्यू इंटेलिजेंस (डीआरआई) गोरखपुर और लखनऊ की संयुक्त टीम ने कसया में नेपाल के रास्ते तस्करी कर लाई गई 1.09 करोड़ कीमत की हरी मटर व पॉपकॉर्न पकड़ा है. कनाडा से हरी मटर और अर्जेंटीना से पॉपकॉर्न लाकर तमिलनाडु भेजने की तैयारी थी. करीब एक महीने पहले डीआरआई गोरखपुर की टीम ने देवरिया के एक गोदाम से एक करोड़ की हरी मटर पकड़ी था. इस दौरान पकड़े गए लोगों से नेटवर्क के बारे में सूचना मिली थी. शुक्रवार को डीआरआई की टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि बरवा जंगल हाईवे के पास एक गोदाम में तस्करी कर लाई गई विदेशी मटर रखी गई है, जिसे ट्रक में लोड किया जाएगा. टीम ने शाम चार बजे छापा मारा. इस दौरान गोदाम पर तमिलनाडु में पंजीकृत एक ट्रक पर हरी मटर की लोडिंग होते मिली. टीम ने मौके पर मौजूद ट्रक, पिकअप और एक कार को कब्जे में ले लिया. मौके पर कई स्थानीय लोग पहुंच गए, जिसके चलते रात में कार्रवाई रोक दी गई. गोदाम मालिक को बुलवाया गया. शनिवार की सुबह कार्रवाई शुरू की गई.

डीआरआई टीम के मुताबिक, पैकेट में 32350 किलोग्राम हरी मटर और 15470 किलोग्राम पॉपकॉर्न मिला है. इसे कनाडा, अर्जेंटीना, दक्षिण अफ्रीका से नेपाल के रास्ते तस्करी कर लाया गया है. गोदाम श्रीपत सिंह का है, जिसे उन्होंने विकास और उसके पार्टनर को दिया था. कार्रवाई के समय सभी फरार हो गए. टीम ने माल को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है. सूत्रों के मुताबिक, ड्राइवर और मजदूरों से पूछताछ में कुछ अहम सुराग हाथ लगे हैं, जिसके आधार पर जल्द ही कुछ और जगहों पर कार्रवाई की जा सकती है.

Post a Comment

0 Comments