कुल्हाड़ी से वार कर भाभी और भतीजी को उतारा मौत के घाट


दिव्यांग भतीजा गंभीररूप से घायल, हत्यारोपी की तलाश में जुटी पुलिस


मिर्जापुर। जनपद के कटरा कोतवाली क्षेत्र के डंगहर दलित बस्ती में शनिवार की दोपहर पारिवारिक विवाद में देवर ने मकान की छत पर अपनी भाभी, भतीजी की कुल्हाड़ी से वार कर हत्या कर दी. हमले में दिव्यांग भतीजा भी गंभीर रूप से घायल हो गया है. उसका ट्रामा सेंटर में इलाज चल रहा है. शोर सुनकर मोहल्ले के लोग पहुंचे तो आरोपी मौके से फरार हो गया. मिली जानकारी के अनुसार, डंगहर मोहल्ला निवासी पंचम पोस्टमैन थे. उनके पांच पुत्र है. पंचम की मौत के बाद उनके दूसरे नंबर के पुत्र यज्ञनारायण को नौकरी मिली थी. पंचम की पत्नी कलावती को पेंशन मिलती है. दो भाइयों जीत नारायन व यज्ञ नारायण की शादी हो गई है. तीसरे नंबर के सत्य नारायण हलवाई का काम करते हैं. चौथे नंबर का भाई राम नारायण गोवा में रहते हैं. यहां पूरा परिवार एक ही मकान में रहता है.

दोपहर में छत पर सब्जी काट रही थी रेनू

शनिवार की सुबह सभी लोग काम पर चले गए. दोपहर में यज्ञ नारायण अपने सबसे छोटे पुत्र बाबू के साथ अपनी बहन के घर रेणुकूट चले गए. मां कलावती गांव में किसी के घर गई थीं. घर पर यज्ञ नरायण की पत्नी रेनू, पुत्री हर्षिका और पुत्र आरुष थे. तभी रेनू का सबसे छोटा देवर राम नारायण ऊर्फ टीपू कोटे की दुकान से राशन लेकर घर आया. रेनू मकान की छत पर सब्जी काट रही थी. राम नारायण छत पर पहुंचा और भाभी से किसी बात को लेकर विवाद होने पर उसने कुल्हाड़ी से रेनू (35) के सिर पर वार कर दिया. इसके बाद उसने भतीजे दिव्यांग आरुष (6) पर हमला किया. यह देख वहां से भाग रही भतीजी हर्षिका (9) को सीढ़ी पर पकड़ा और सिर में ताबड़तोड़ वार कर दिया. रेनू और हर्षिका की मौके पर ही मौत हो गई.

मोहल्ले वाले के पहुंचने से पहले भागा आरोपी

चीख सुनकर मोहल्ले वाले पहुंचे तो राम नारायण भाग गया. मोहल्ले वालों ने यज्ञ और पुलिस को सूचना दी. पिता यज्ञ नारायण घायल आरुष को उपचार के लिए मंडलीय अस्पताल ले गए. जहां से उसे ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया. सूचना पर पुलिस अधीक्षक अजय कुमार सिंह, एसपी सिटी संजय कुमार वर्मा, सीओ प्रभात राय, कटरा कोतवाली पुलिस व क्राइम ब्रांच टीम के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.पुलिस अधीक्षक अजय कुमार सिंह ने कहा कि कटरा कोतवाली के डंगहर मोहल्ले में पारिवारिक विवाद में देवर ने भाभी, भतीजी और भतीजे पर धारदार हथियार से हमला कर दिया. इसमें भाभी रेनू, भतीजी हर्षिका की मौत हो गई. भतीजा आरुष की हालत गंभीर होने पर उसे ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया.

Post a Comment

0 Comments