बहन की हत्या कर शव को घर के बाहर दफनाया, आहत मां फांसी पर लटकी

फरार भाई की तलाश में जुटी पुलिस



प्रयागराज। जिले के गंगापार इलाके में एक सनसनीखेज मामला प्रकाश में आया है. मऊआइमा थाना क्षेत्र के किरांव गांव में रहने वाली 15 साल की नंदिनी की संदिग्ध हालत में मौत के बाद उसका शव घर के बाहर दफना दिया गया. बेटी की मौत से आहत मां सुशीला ने भी फंदे पर लटककर जान दे दी. भाई समेत परिवार वाले रात में जब कब्र से किशोरी की लाश निकाल रहे थे, तभी वहां पुलिस पहुंच गई. अंधेरे का फायदा उठाकर भाई वहां से फरार हो गया. ग्रामीणों ने उस पर हत्या का आरोप लगाया है. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर किशोरी की मौत का कारण स्पष्ट होगा. फरार भाई की तलाश चल रही है. उसके पकड़े जाने पर ही पता चलेगा कि आखिर हत्या के पीछे वजह क्या है.

जानकारी के मुताबिक, किरांव गांव निवासी नरेंद्र कुमार सूरत में प्राइवेट नौकरी करता है. उसका एक घर किरांव और दूसरा सोरांव के बाहरपुर गांव में है. किरांव में उसकी 55 वर्षीय पत्नी सुशीला, 15 वर्षीय बेटी नंदनी, पुत्र सरदार चौरान समेत अन्य परिजनों के साथ रहती थीं। बताया जाता है कि कुछ दिन पहले परिवार में किसी बात को लेकर झगड़ा हुई. इसके बाद अचानक नंदनी घर से गायब हो गई. उसकी खोजबीन हुई, लेकिन कुछ पता नहीं चला. घरवालों ने उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट भी दर्ज नहीं कराई. सोमवार को सुशीला बाहरपुर गांव वाले मकान में गई और फंदे पर लटककर जान दे दी. ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया. फिर उसका बेटा व दूसरे सदस्य मंगलवार रात शव लेकर किरांव गांव पहुंचे. बताया जा रहा है कि परिवार वाले नरेंद्र कुमार के आने पर अंतिम संस्कार करने की बात कही. आरोप है कि रात करीब ढाई बजे भाई सरदार चौहान कुछ लोगों के साथ घर के बाहर कब्र खोद रहा था, तभी किसी ने पुलिस को सूचना दे दी. पुलिस के पहुंचते ही वह भाग निकला. तब पुलिस ने शव को बाहर निकलवाकर बुधवार सुबह पोस्टमार्टम हाउस के लिए भिजवाया। ग्रामीण भाई सरदार पर ही नंदिनी की हत्या के बाद शव दफनाने का आरोप लगा रहे हैं, लेकिन परिवार वाले कुछ नहीं बोल रहे हैं. उन्होंने कोई तहरीर भी नहीं दी. इस संबंध में सोरांव सीओ सुधीर कुमार ने बताया कि मृतक किशोरी का भाई फरार है और परिवार के लोग कुछ बता नहीं रहे हैं. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. तभी पता चलेगा कि कत्ल के पीछे क्या वजह है.

Post a Comment

0 Comments