गृह मंत्री अमित शाह से मिले पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह


दिल्ली । पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने बुधवार शाम को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की। इनकी ये बैठक लगभग 45 मिनट तक चली। कैप्टन अमरिंदर सिंह मंगलवार को दिल्ली पहुंचे थे। मंगलवार को दिल्ली में मीडिया से बातचीत करते हुए अमरिंदर सिंह ने दावा किया था कि उनका कोई राजनीतिक कार्यक्रम नहीं है।

पंजाब कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू संग चले लंबे विवाद के बाद अमरिंदर सिंह ने पंजाब के मुख्यमंत्री पद से इसी महीने इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद कांग्रेस ने चरणजीत सिंह चन्नी को पंजाब का सीएम बनाया है।

कैप्टन अमरिंदर सिंह के मीडिया एडवाइजर की ओर से भी ट्वीट कर यह जानकारी दी गई थी कि वो एक निजी दौरे पर हैं, इस दौरान वो अपने कुछ दोस्तों से मिलेंगे और कपूरथला हाउस को खाली करेंगे। इस यात्रा को लेकर किसी तरह का कयास नहीं लगाया जाना चाहिए। कैप्टन के दिल्ली आने से पहले पंजाब प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पद से नवजोत सिंह सिद्धू ने अचानक इस्तीफा दे दिया था। सिद्धू के इस्तीफे पर पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने ट्वीट कर कहा था, ‘मैंने कहा था कि वो स्थिर आदमी नहीं हैं। पंजाब जैसे सीमावर्ती राज्य के लिए सिद्धू फिट नहीं हैं।’

Post a Comment

0 Comments