आजमगढ़ : प्रतिभा निकेतन इंटर कॉलेज में डांडिया नृत्य पर झूमे बच्चे और शिक्षक !

नवरात्रि उत्सव में लोक संस्कृति की दिखी झलक, अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर किया कार्यक्रम का शुभारंभ



आजमगढ़। शारदीय नवरात्रि के अवसर पर नगर से सटे अजमतपुर कोडर स्थित प्रतिभा निकेतन इंटर कॉलेज परिसर में डांडिया नृत्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें विद्यार्थियों और शिक्षकों ने उत्साह के साथ भाग लिया। रंगारंग प्रस्तुतियों के बीच पूरा परिसर नवरात्रि के उल्लास और सांस्कृतिक रंगों से सराबोर नजर आया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां दुर्गा की प्रतिमा के सम्मुख विधि-विधान से पूजन, आरती और दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। मुख्य अतिथि वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. मोनिका शर्मा, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज सरायमीर की प्राचार्य डॉ. संध्या वर्मा, विद्यालय प्रबंध समिति की अध्यक्ष सरस्वती देवी और प्रबंधक रमाकांत वर्मा ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया।
विद्यार्थियों ने मनमोहक सामूहिक नृत्य प्रस्तुत कर कार्यक्रम की शुरुआत की। इसके बाद विद्यालय के प्राचार्य ध्रुव चंद्र ने अतिथियों को नारियल, चुनरी और अंगवस्त्र भेंटकर सम्मानित किया।
त्योहार संस्कृति और विरासत से जोड़ते हैं : डॉ. मोनिका शर्मा
मुख्य अतिथि डॉ. मोनिका शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि पर्व-त्योहार हमें अपनी लोक संस्कृति और परंपराओं की याद दिलाते हैं। ऐसे आयोजन लोगों को उत्सव में एक साथ जोड़ने के साथ सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने का अवसर देते हैं। इनके माध्यम से नई पीढ़ी को अपनी पुरानी संस्कृति और सभ्यता से परिचित कराया जा सकता है। इसके बाद सामूहिक डांडिया नृत्य का आयोजन हुआ। इसमें विद्यार्थियों और शिक्षकों ने एक साथ नृत्य कर उत्सव का आनंद लिया। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने भी उत्साहपूर्वक भागीदारी की।
इस अवसर पर इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल के प्रबंधक सीताराम पांडेय, रवि श्रीवास्तव, योगाचार्य लौटू मौर्य, उपप्राचार्य प्रीति श्रीवास्तव, रुचि श्रीवास्तव, सरिता पांडेय और सुनील दत्त विश्वकर्मा सहित शिक्षक, अभिभावक और अन्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन विद्यालय की छात्राओं ने किया।

Post a Comment

0 Comments