आजमगढ़ में युवक को निर्वस्त्र कर गांव में घुमाने का आरोप...चाकू से गुप्तांग काटने का प्रयास!

प्रेम संबंध को लेकर विवाद का मामला, पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज; आरोपितों की तलाश में जुटी पुलिस



आजमगढ़। रौनापार थाना क्षेत्र के एक गांव में प्रेम संबंध को लेकर विवाद के बाद एक युवक के साथ मारपीट, उसे निर्वस्त्र कर गांव में घुमाने और चाकू से गुप्तांग पर हमला करने का गंभीर आरोप लगा है। घटना सोमवार शाम की बताई जा रही है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार, युवक का करीब एक वर्ष पहले गांव की एक युवती से प्रेम संबंध था। दोनों मोबाइल फोन पर बातचीत करते थे। करीब दस माह पूर्व युवक रोजी-रोटी के सिलसिले में बेंगलुरु चला गया था। आरोप है कि इसके बाद भी युवती अलग-अलग मोबाइल नंबरों से उससे संपर्क करती थी और शादी के लिए दबाव बनाती थी। युवक के विरोध करने पर युवती द्वारा आत्महत्या की धमकी देने की बात भी तहरीर में कही गई है। युवक का दावा है कि युवती ने एक बार मांग में सिंदूर लगाकर अपनी तस्वीर भी उसे भेजी थी।
बाजार जाते समय रोककर की मारपीट
तहरीर के मुताबिक, दशहरा के अवसर पर घर आया युवक सोमवार शाम बाइक से बाजार जा रहा था। इसी दौरान प्राथमिक विद्यालय सहनूपुर के पास युवती के स्वजन ने उसकी बाइक रोक ली। आरोप है कि विरोध करने पर उन्होंने युवक को लात-घूंसों और डंडों से पीटकर घायल कर दिया। इसके बाद चाकू से उसके गुप्तांग पर हमला किया गया। युवक के अनुसार, वह किसी तरह गंभीर चोट से बच गया।
आरोप है कि मारपीट के बाद युवक के कपड़े उतरवाकर उसे पूरे गांव में घुमाया गया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस को देखते ही युवती के स्वजन वहां से फरार हो गए।
मुकदमा दर्ज कर जांच में जुटी पुलिस
रौनापार के थानाध्यक्ष सुनील दूबे ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। पुलिस घटना से जुड़े आरोपों की पड़ताल कर रही है।

Post a Comment

0 Comments