आजमगढ़ : हाईवे किनारे खड़े वाहनों से डीजल चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, चार गिरफ्तार

गम्भीरपुर पुलिस ने चार घटनाओं का किया अनावरण, पिकअप, कूटरचित नंबर प्लेट, 50 लीटर डीजल व 9500 रुपये बरामद


आजमगढ़।
गम्भीरपुर पुलिस ने हाईवे किनारे खड़े ट्रकों और अन्य भारी वाहनों से डीजल चोरी करने वाले अन्तर्जनपदीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपित रात में वाहनों की टंकियों से डीजल निकालकर बेचते थे। इनके कब्जे से पिकअप वाहन, कूटरचित नंबर प्लेट, डीजल निकालने के उपकरण, 50 लीटर डीजल, 14 खाली जरीकेन और 9500 रुपये बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, दो अक्टूबर की रात थनौली गांव के पास प्रधान बिल्डिंग मैटेरियल के सामने खड़े ट्रक से करीब 150 लीटर डीजल चोरी हुआ था। इस मामले में गम्भीरपुर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। जांच और सुरागरसी के दौरान शैलेन्द्र राजभर, अक्षय कुमार, चन्द्रिका और संजय कुमार के नाम सामने आए।
पिकअप पर लगी थी फर्जी नंबर प्लेट
एसएसपी डा. अनिल कुमार के निर्देश पर अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत पांच अक्टूबर को उपनिरीक्षक अभिषेक सिंह, अश्वनी मिश्रा और योगेश कुमार सरोज पुलिस बल के साथ चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान रोहुआ तिराहे पर सूचना मिली कि गिरोह के सदस्य बरवां मोड़ के पास पिकअप में डीजल चोरी के सामान के साथ मौजूद हैं।
पुलिस ने घेराबंदी कर पिकअप में बैठे चारों आरोपितों को पकड़ लिया। वाहन पर UP54AT7843 नंबर की कूटरचित प्लेट लगी थी। जांच में यह नंबर ई-रिक्शा के नाम दर्ज मिला। चेसिस नंबर से पिकअप का वास्तविक नंबर UP54AT7343 पाया गया, जो अक्षय कुमार के नाम पंजीकृत है। तलाशी में प्लास्टिक पाइप, हथौड़ी, छेनी, 50 लीटर डीजल और 14 खाली जरीकेन मिले। आरोपितों के पास से 9500 रुपये भी बरामद हुए।
चार घटनाओं का खुलासा
पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपितों ने 29 सितंबर को निजामाबाद के नेवादा के पास ट्रक से करीब 20 लीटर डीजल व रिंच चोरी करने की बात बताई। दो अगस्त को मुबारकपुर के लोहरा सिक्स लेन के पास ट्रेलर से करीब 250 लीटर तथा कप्तानगंज के तेरही गांव के पास हाईवे किनारे से करीब 360 लीटर डीजल चोरी करने की जानकारी भी दी। पुलिस ने इन घटनाओं से संबंधित मामलों को भी गिरोह के खुलासे से जोड़ा है। गिरफ्तार आरोपितों में शैलेन्द्र राजभर और अक्षय कुमार निवासी मधुबन, मऊ, चन्द्रिका निवासी दोहरीघाट, मऊ तथा संजय कुमार निवासी गोला, गोरखपुर शामिल हैं। पुलिस ने बताया कि आरोपितों के विरुद्ध गम्भीरपुर, निजामाबाद, मुबारकपुर और कप्तानगंज समेत अन्य थानों में पूर्व के मुकदमे भी दर्ज हैं। मामले में आगे की विवेचना जारी है।

Post a Comment

0 Comments