आजमगढ़। नदी में नहाने गया 36 वर्षीय झारखंडेय उपाध्याय जब देर शाम तक घर नहीं लौटा तो परिजनों की चिंता बढ़ने लगी। रात में नदी किनारे उसकी बुलेट बाइक और कपड़े मिले तो अनहोनी की आशंका गहरा गई। परिजन और ग्रामीण देर रात तक नदी और आसपास के क्षेत्र में उसकी तलाश करते रहे, लेकिन अंधेरा होने के कारण कोई सफलता नहीं मिली। सोमवार सुबह कंहेनपुर गांव के पास नदी में युवक का शव उतराता मिला तो परिवार में कोहराम मच गया।
कंधरापुर थाना क्षेत्र के देवखरी गांव निवासी झारखंडेय उपाध्याय रविवार सुबह बुलेट बाइक से घर से निकला था। दोपहर में वह चंद्रमा ऋषि आश्रम के पास पहुंचा। बताया गया कि उसने अपनी बुलेट आश्रम के पास खड़ी की और कपड़े उतारकर नदी में नहाने चला गया। काफी समय बीतने के बाद भी जब वह वापस नहीं आया तो परिवार के लोग उसकी तलाश में जुट गए।
देर शाम तक घर नहीं पहुंचने पर परिजनों की चिंता बढ़ती गई। इसी बीच रात करीब 10 बजे उन्हें जानकारी मिली कि चंद्रमा ऋषि आश्रम के पास झारखंडेय की बुलेट खड़ी है। परिजन और ग्रामीण तत्काल वहां पहुंचे। बाइक के पास युवक के कपड़े भी पड़े मिले। कपड़े और बाइक देखकर लोगों को उसके नदी में डूबने की आशंका हुई।
परिजनों और ग्रामीणों ने नदी के आसपास उसकी तलाश शुरू कर दी। अंधेरे के बावजूद काफी देर तक लोग युवक को खोजते रहे। नदी में भी तलाश की गई, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। रात अधिक होने पर तलाश रोकनी पड़ी और परिजन भारी मन से घर लौटे। पूरी रात परिवार के लोग किसी अनहोनी की आशंका में परेशान रहे।
सोमवार सुबह कंहेनपुर गांव के पास नदी में लोगों ने पानी में एक युवक का शव उतराते देखा। सूचना मिलते ही कंधरापुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नदी से बाहर निकलवाया। पहचान की प्रक्रिया में शव की शिनाख्त झारखंडेय उपाध्याय के रूप में हुई।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। झारखंडेय की मौत की खबर मिलते ही देवखरी गांव स्थित उनके घर में चीख-पुकार मच गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार के लोगों के लिए यह विश्वास करना मुश्किल है कि जो युवक रविवार को सामान्य रूप से घर से निकला था, वह अब दुनिया में नहीं रहा। कंधरापुर पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया युवक की मौत नदी में डूबने की आशंका है, लेकिन मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

0 Comments