मां दुर्गा के नौ स्वरूपों की झांकी सजाई, दहेज प्रथा और बाल विवाह जैसी कुरीतियों पर किया प्रहार
आजमगढ़। नवरात्रि के पावन अवसर पर हीरापट्टी स्थित श्रम विभाग द्वारा संचालित विहान आवासीय बालिका विद्यालय में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। छात्राओं ने मां दुर्गा के नौ स्वरूपों की मनमोहक झांकी प्रस्तुत कर महिला सशक्तीकरण, नारी सम्मान और समानता का संदेश दिया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में रोटरी क्लब के अध्यक्ष एवं भाजपा के सह कोषाध्यक्ष श्रेय अग्रवाल उपस्थित रहे। समारोह में छात्राओं ने ‘आरंभ है प्रचंड’ और ‘रण में कूद पड़ी महाकाली’ जैसी ओजस्वी प्रस्तुतियों के माध्यम से दहेज प्रथा, बाल विवाह, अशिक्षा और बेटा-बेटी के बीच भेदभाव जैसी सामाजिक कुरीतियों पर प्रहार किया। नाट्य प्रस्तुति के जरिए नारी सुरक्षा और महिला हेल्पलाइन नंबरों के प्रति भी जागरूक किया गया।
छात्राओं को दिलाया नारी सम्मान का संकल्प
कार्यक्रम के समापन पर श्रेय अग्रवाल ने छात्राओं की प्रतिभा की सराहना की। उन्होंने नारी सम्मान और समानता का संकल्प दिलाते हुए सभी बच्चों को फल वितरित किए। इस अवसर पर विद्यालय की वार्डन प्रिया प्रसाद, अनीता पांडेय, सबीना, प्रगति शुक्ला, मीरा वर्मा, आरती शुक्ला, आरती और अर्चना सहित विद्यालय परिवार के सदस्य मौजूद रहे।

0 Comments