आजमगढ़ : दिनदहाड़े युवक को मारी गोली, बाइक सवार बदमाश फरार...

थाने से महज 500 मीटर दूर वारदात, हाथ और पैर में लगी गोली; असलहा लहराते हुए असिलाई की ओर भागे आरोपी


आजमगढ़। अहरौला थाना क्षेत्र में शनिवार को दिनदहाड़े बाइक सवार दो बदमाशों ने 18 वर्षीय युवक को गोली मार दी। थाने से करीब 500 मीटर दूर पकड़ी गांव के पास असिलाई रोड पर हुई वारदात से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। गोली लगने से घायल युवक को स्थानीय लोगों ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अहरौला पहुंचाया, जहां उसका उपचार चल रहा है।
पकड़ी गांव निवासी आर्यन यादव (18) पुत्र मनोज यादव शनिवार को असिलाई रोड से गुजर रहा था। इसी दौरान अपाची बाइक पर सवार दो युवकों ने उसे निशाना बनाकर फायरिंग कर दी। गोली आर्यन के बाएं हाथ के पंजे और बाएं पैर में लगी। वह सड़क पर गिर पड़ा और गंभीर रूप से घायल हो गया।
फायरिंग के बाद दोनों आरोपी असलहा लहराते हुए असिलाई की तरफ फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर जुट गए और घायल युवक को तत्काल सीएचसी अहरौला पहुंचाया।
सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जानकारी जुटाने के साथ जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास के इलाकों में बदमाशों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छानबीन कर रही है।
दिनदहाड़े थाने के नजदीक हुई फायरिंग से इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस घटना के पीछे के कारणों और आरोपियों की पहचान के संबंध में जानकारी जुटा रही है। घटना की वास्तविक वजह जांच पूरी होने के बाद स्पष्ट होगी।

Post a Comment

0 Comments