आजमगढ़। सिधारी थाना क्षेत्र के हैदराबाद छतवारा स्थित नई कालोनी में मंगलवार को पुलिस ने एक मकान में छापेमारी कर चार महिलाओं को हिरासत में लिया। पुलिस सभी महिलाओं को सिधारी थाने ले गई, जहां उनसे पूछताछ की जा रही है। पुलिस के अनुसार, कार्रवाई एक शिकायत के आधार पर की गई। मामले में पूछताछ पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
नई कालोनी निवासी हनुमान ने पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र देकर आरोप लगाया था कि कालोनी के एक मकान में एक महिला अन्य महिलाओं के साथ मिलकर कथित रूप से अनैतिक गतिविधियां संचालित कर रही है। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया था कि मकान पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोगों का आना-जाना रहता है, जिससे कालोनी के लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया था कि उक्त महिला के खिलाफ पहले भी शिकायतें की जा चुकी हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार, पुलिस पूर्व में तीन बार महिला को पकड़कर थाने ले गई थी। बाद में आपसी समझौते के बाद मामला शांत हो गया। आरोप है कि कुछ दिनों तक गतिविधियां बंद रहने के बाद दोबारा शुरू हो जाती थीं। इसे लेकर कालोनी के लोगों में नाराजगी बनी हुई थी।
शिकायत मिलने के बाद मंगलवार को सिधारी थाने की पुलिस कालोनी में पहुंची। पुलिस टीम ने शिकायत में बताए गए मकान पर छापेमारी की। इस दौरान चार महिलाओं को हिरासत में लिया गया। पुलिस टीम के साथ महिला थाने की पुलिस भी मौजूद रही। कार्रवाई के दौरान मकान से कुछ आपत्तिजनक सामग्री बरामद किए जाने की भी जानकारी सामने आई है। हालांकि, बरामदगी और उसकी प्रकृति की आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही होगी।
सीओ शुभम तोदी ने बताया कि सूचना मिलने पर सिधारी थाना पुलिस और महिला थाना पुलिस की टीम ने संयुक्त रूप से छापेमारी की। मौके से मिली सभी महिलाओं को थाने लाया गया है। उनसे पूछताछ की जा रही है। पूछताछ और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस का कहना है कि मामले में शिकायत, मौके की स्थिति और अन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर ही आरोपों की वास्तविकता स्पष्ट होगी।

0 Comments