सहारनपुर: यूपी विधानसभा चुनाव से पहले सपा और कांग्रेस के बीच गठबंधन को लेकर खींचतान खुलकर सामने आने लगी है। सपा सांसद इकरा हसन, इमरान प्रतापगढ़ी और शिवपाल यादव के बयान के बाद कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने पलटवार किया है। इमरान मसूद ने साफ कहा कि सपा को गठबंधन करना है तो उसे अंतिम रूप दिया जाए, वरना कांग्रेस अपने दम पर चुनावी तैयारी में जुटी है। अखिलेश कितने एक्टिव हैं इससे फर्क नहीं- इमरान इमरान मसूद ने कहा कि सिर्फ सक्रिय नजर आने से कोई फर्क नहीं पड़ता। उन्होंने सपा पर निशाना साधते हुए कहा कि अगर कांग्रेस के बिना आगे बढ़ने की सोच है तो कहीं न कहीं भाजपा को हराने की रणनीति पर सवाल खड़े होते हैं। मसूद के मुताबिक, गठबंधन करना है तो फाइनल कर दें, नहीं करना है तो हम भी अपनी तैयारी में जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि अब कांग्रेस के बिना कई जगहों पर राजनीतिक समीकरणों की बात करना आसान नहीं है। हालांकि, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि कांग्रेस गठबंधन के लिए किसी से भीख नहीं मांग रही है। न करें गठबंधन, कौन कह रहा है इमरान मसूद ने सपा नेताओं के बयानों पर तंज कसते हुए कहा, 'न करें गठबंधन, कौन कह रहा है, हम क्या किसी से भीख मांग रहे हैं, जिसको जो करना है, वह करे।' उन्होंने अपनी बात को बारात और ढोल बजाने वालों के उदाहरण से जोड़ते हुए कहा कि बहुत से लोग बयान देते रहेंगे, लेकिन कांग्रेस अपने काम पर लगी हुई है। गठबंधन पर बोले, 'सपा-कांग्रेस गठबंधन पर अंतिम फैसला राहुल गांधी और अखिलेश यादव ही करेंगे।' शिवपाल पर भी साधा निशाना सपा विधायक शिवपाल यादव के इस बयान पर कि कांग्रेस को वोट नहीं मिलना है, मसूद ने कहा कि यह उनकी सोच हो सकती है। उन्होंने दावा किया कि शिवपाल पार्टी के भीतर ही अप्रासंगिक हो चुके हैं। अगर वह अपने नेता से यह बात कहते हैं तो उसका कोई राजनीतिक मायने हो सकता है, लेकिन बाहर से दिए गए ऐसे बयानों का कोई विशेष महत्व नहीं है।

0 Comments