जिम से निकलकर कार में बैठते ही चार हमलावरों ने घेरा, 20 से अधिक राउंड फायरिंग के बाद बाइक से भागे; दूसरी फुटेज में दिखा वारदात के बाद का मंजर
शामली। हरियाणवी गायक एवं अभिनेता अंकित बालियान हत्याकांड की दो सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद वारदात की तस्वीर काफी हद तक साफ होने लगी है। पहली करीब एक मिनट छह सेकंड की फुटेज में जिम से बाहर निकलने के बाद अंकित के कार में बैठने, चार हमलावरों के पहुंचने, घेरकर गोलियां चलाने और फिर हथियार लहराते हुए भागने का पूरा घटनाक्रम कैद है। इस फुटेज में सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि हमलावरों ने महज 22 सेकंड के भीतर अंकित पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी।
दूसरी करीब पांच मिनट चार सेकंड की फुटेज में गोलीकांड के बाद घटनास्थल पर जुटी भीड़, लोगों की बातचीत और मौके का माहौल दिखाई दे रहा है। पुलिस दोनों फुटेज को जांच में शामिल कर हमलावरों की पहचान और वारदात के पीछे के कारणों का पता लगाने में जुटी है।
कार में बैग रखते ही चार युवकों ने घेरा
सीसीटीवी फुटेज में अंकित जिम से निकलकर अपनी स्कार्पियो के पास पहुंचते दिखाई देते हैं। वह कार में बैग रखते हैं और दूसरी तरफ से बैठने का प्रयास करते हैं। इसी दौरान चार युवक पैदल उनकी ओर आते दिखाई देते हैं। अंकित कुछ समझ पाते, इससे पहले ही चारों उन्हें घेर लेते हैं और पिस्टल निकालकर फायरिंग शुरू कर देते हैं।
फायरिंग के दौरान अंकित की ओर से हमलावरों को ललकारने की आवाज भी सुनाई देती है। इसके बाद आरोपित दोबारा गोलियां चलाते हैं। पुलिस के अनुसार, वारदात में 20 से अधिक राउंड फायर किए जाने की बात सामने आई है। फुटेज में कुछ गोलियां कार के शीशे पर लगती दिखाई दे रही हैं।
कुछ दूर जाकर फिर लौटे हमलावर
फुटेज में हमलावर वारदात के बाद कुछ दूरी तक जाते हैं और फिर वापस अंकित की ओर लौटते दिखाई देते हैं। इसके बाद एक बार फिर फायरिंग की जाती है। हमला करने के बाद चारों हथियार लहराते और गाली-गलौज करते हुए मौके से फरार हो जाते हैं।
पुलिस के अनुसार, फुटेज में सुनाई दे रही बातचीत में हरियाणवी लहजा प्रतीत हो रहा है। हमलावर वारदात के दौरान अंकित को ललकारते हुए भी सुनाई दे रहे हैं। पुलिस आवाज और वीडियो फुटेज दोनों को जांच का हिस्सा बना रही है।
हत्या के बाद फोन पर बात करता दिखा एक हमलावर
सीसीटीवी में एक हमलावर वारदात के बाद बैग लेकर जाते हुए दिखाई देता है। इसी दौरान वह फोन पर किसी से बातचीत करता नजर आ रहा है। पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है कि उसने फोन पर किससे बात की और बातचीत में क्या कहा गया। आशंका है कि वह किसी साथी को वारदात की जानकारी दे रहा था। हालांकि पुलिस ने बातचीत के संबंध में अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
गोलियों की आवाज सुनते ही मची भगदड़
वारदात के समय नाला पटरी पर लोगों की आवाजाही जारी थी। सीसीटीवी में कई लोग घटनास्थल के आसपास से गुजरते दिखाई दे रहे हैं। जैसे ही गोलियां चलती हैं, वहां भगदड़ मच जाती है। एक महिला समेत कई लोग जान बचाकर भागते दिखाई देते हैं। आसपास के कुछ दुकानदारों ने तत्काल अपने प्रतिष्ठानों के शटर गिरा दिए।
दूसरी फुटेज में जुटी भीड़, प्रत्यक्षदर्शियों की तलाश
करीब पांच मिनट चार सेकंड की दूसरी सीसीटीवी फुटेज में गोलीकांड के कुछ देर बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुटती दिखाई देती है। लोग आपस में घटना को लेकर चर्चा करते हैं। कुछ लोग मौके पर पहुंचकर जानकारी लेने का प्रयास करते हैं। पुलिस इस फुटेज के माध्यम से वारदात के तत्काल बाद घटनास्थल पर मौजूद लोगों और संभावित प्रत्यक्षदर्शियों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।
पुलिस आसपास लगे अन्य सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग भी खंगाल रही है। हमलावरों के हुलिए, उनकी आवाज, आने की दिशा, बाइक और भागने के रास्ते की जानकारी जुटाई जा रही है।
जिम से निकलते ही हुआ हमला
शामली शहर के आर्यपुरी नाला पटरी पर कोतवाली के नजदीक बुधवार शाम करीब 6:45 बजे बाइक सवार चार हमलावरों ने हरियाणवी गायक एवं अभिनेता अंकित बालियान (35) की गोली मारकर हत्या कर दी थी। बावरिया क्षेत्र के बंतीखेड़ा गांव निवासी अंकित शामली में जिम करने पहुंचे थे। जिम से निकलकर गाड़ी में बैठते समय हमलावरों ने उन्हें घेर लिया और पिस्टलों से ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी।
पुलिस की प्राथमिक जांच में सामने आया है कि जिम के अंदर अंकित के पास किसी का फोन आया था। फोन पर उनकी तीखी बहस होने की बात भी सामने आई है। इसके बाद वह जिम से बाहर आए और अपनी गाड़ी में बैठने लगे। इसी दौरान हमलावरों ने हमला कर दिया।
अंकित के सिर, छाती और पेट में गोलियां लगीं। गंभीर रूप से घायल अंकित को परिचित शामली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
20 से अधिक राउंड फायरिंग का दावा
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हमलावरों ने 20 से अधिक राउंड फायर किए। कई गोलियां अंकित के शरीर में लगीं, जबकि कुछ कार के शीशे को भेदती हुई निकलीं। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर बाइक से फरार हो गए।
अंकित के पिता सतवीर सिंह की तहरीर पर शहर कोतवाली में बाइक सवार चार अज्ञात बदमाशों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। जांच अधिकारी धर्मेंद्र गौतम के अनुसार, तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर हमलावरों की तलाश की जा रही है।
जिला पंचायत चुनाव की तैयारी कर रहे थे अंकित
अंकित बालियान पिछले कुछ समय से हरियाणा के सोनीपत में रह रहे थे। करीब छह महीने से वह शामली स्थित अपने गांव में परिवार के साथ रह रहे थे। बताया जा रहा है कि वह जिला पंचायत चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे थे। वार्ड तीन से संभावित प्रत्याशी के रूप में उनके पोस्टर भी लगाए गए थे। पुलिस हत्या के पीछे चुनावी गतिविधि, पुरानी रंजिश और अन्य संभावित कारणों को भी जांच के दायरे में रखकर आगे बढ़ रही है।
भाई ने पुलिस की कार्यशैली पर उठाए सवाल
अंकित की हत्या की सूचना मिलने के बाद बृहस्पतिवार दोपहर उनके बड़े भाई राजीव बालियान गांव पहुंचे। राजीव राजस्थान के कोटा में रहकर मेडिकल की तैयारी कर रहे हैं। भाई की हत्या से आहत राजीव ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाए।
उन्होंने कहा कि करीब 25 वर्ष पहले उनकी दादी फूलमती की घर में घुसकर हत्या कर दी गई थी। उनके अनुसार, उस मामले में अब तक न्याय नहीं मिला। अब उनके भाई की बीच बाजार गोली मारकर हत्या कर दी गई। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि पुलिस कहां है और रामराज कहां है, जबकि सरकार रामराज की बात करती है।
पुलिस के सामने अब तीन बड़ी चुनौतियां
अंकित बालियान हत्याकांड में पुलिस के सामने हमलावरों की पहचान, हत्या की वजह और वारदात में शामिल अन्य लोगों तक पहुंचना प्रमुख चुनौती है। सीसीटीवी फुटेज से हमलावरों की गतिविधियों की अहम जानकारी मिली है। पुलिस अब आसपास के कैमरों की फुटेज, मोबाइल कॉल डिटेल और अन्य साक्ष्यों को जोड़कर घटना की पूरी कड़ी तैयार करने में जुटी है।

0 Comments