आजमगढ़: डंपर की चपेट में आने से महिला की मौत, सिर धड़ से अलग; भाई, भतीजी समेत तीन घायल!



आजमगढ़। मेहनगर थाना क्षेत्र में गुरूवार सुबह हुए दर्दनाक सड़क हादसे में डंपर की चपेट में आने से बाइक सवार महिला की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि महिला का सिर धड़ से अलग हो गया। दुर्घटना में महिला का भाई, भतीजी और उसकी एक वर्षीय बेटी को भी मामूली चोटें आई हैं। घटना के बाद ग्रामीणों ने भाग रहे डंपर चालक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
तहबरपुर थाना क्षेत्र के ददरा गांव निवासी निशा प्रजापति (28) अपने भाई सकलदीप प्रजापति (30), भतीजी प्रिया प्रजापति (15) और एक वर्षीय बेटी सान्वी के साथ बाइक से मां पल्हना धाम दर्शन के लिए जा रही थीं। पवनी कला गांव के पास पल्हना बाजार से मेहनगर की ओर जा रहे डंपर ने बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद निशा सड़क पर गिर गईं और डंपर उन्हें कुचलते हुए निकल गया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
सूचना पर थानाध्यक्ष निहारनंदन कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। दुर्घटनाग्रस्त डंपर को भी कब्जे में ले लिया गया है।
हादसे के बाद घटनास्थल पर कोहराम मच गया। भाई सकलदीप और भतीजी प्रिया शव से लिपटकर बिलखते रहे। परिजनों के अनुसार निशा की शादी तीन वर्ष पूर्व मिर्जापुर जनपद निवासी सुनील प्रजापति से हुई थी। वह करीब 20 दिन पहले मायके आई थीं।
थानाध्यक्ष निहारनंदन कुमार ने बताया कि डंपर चालक को हिरासत में ले लिया गया है। मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Post a Comment

0 Comments