आजमगढ़: घरेलू विवाद में पति ने चाकू से हमला कर पत्नी को मार डाला...तीन बच्चों के सिर से उठा मां का साया!



आजमगढ़। कप्तानगंज थाना क्षेत्र के अलहनी गांव में शुक्रवार शाम पति-पत्नी के बीच हुए घरेलू विवाद ने दुखद रूप ले लिया। विवाद के दौरान कथित रूप से पति द्वारा किए गए चाकू से हमले में पत्नी की मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, शुक्रवार शाम लगभग 7 बजे नीरज निषाद और उसकी पत्नी पिंकी निषाद (32) के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर पिंकी अपने तीन बच्चों के साथ कमरे में चली गई और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया। इसके बाद नीरज ने दरवाजा तोड़कर पत्नी पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना की सूचना मिलते ही थाना अध्यक्ष जयप्रकाश पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। घायल महिला को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मोबाइल फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्र किए हैं।
मृतका के मायके पक्ष ने आरोप लगाया है कि पति-पत्नी के बीच पूर्व में भी कई बार विवाद हो चुका था और शुक्रवार को हुए झगड़े के बाद पिंकी की हत्या कर दी गई। घटना के बाद दंपति के तीनों बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। क्षेत्राधिकारी बूढ़नपुर अजय प्रताप सिंह ने बताया कि घटना में पति नीरज निषाद भी घायल हुआ है, जिसे परिजनों द्वारा उपचार के लिए लखनऊ ले जाया गया है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम रवाना कर दी गई है। मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

0 Comments