आजमगढ़: लापता युवती की हत्या कर ताल में फेंका शव, सिर गायब मिलने से सनसनी, जांच में जुटी पुलिस!



आजमगढ़़। जहानागंज थाना क्षेत्र के बड़ैला ताल से शनिवार शाम एक युवती का सड़-गल चुका शव बरामद होने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। शव कंकाल जैसी अवस्था में मिला और उसका सिर गायब था, जिससे घटना ने और भी रहस्यमय रूप ले लिया। पुलिस जांच में मृतका की पहचान मेंहनगर थाना क्षेत्र के नई गांव निवासी 24 वर्षीय ममता के रूप में हुई है। मामले में पुलिस ने उसके प्रेमी को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने हत्या की बात स्वीकार कर ली।
पुलिस के अनुसार ममता का प्रेम संबंध जहानागंज थाना क्षेत्र के जलालपुर गांव निवासी मनोज यादव उर्फ मुरहा से पिछले डेढ़ वर्ष से था। दोनों के बीच लगातार बातचीत होती थी। 22 मई की रात ममता घर से निकली थी और उसके बाद से लापता थी। परिजनों ने काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका।
मेंहनगर थाना प्रभारी निहार नंदन ने बताया कि 19 जून को ममता की मां गीता देवी ने थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उनकी बेटी 22 मई की रात करीब आठ बजे मनोज यादव के साथ गई थी और तब से वापस नहीं लौटी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि 22 मई को उसके और ममता के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसी दौरान धक्का लगने से युवती की मौत हो गई। घबराकर उसने शव को जहानागंज क्षेत्र स्थित बड़ैला ताल में झाड़ियों के बीच छिपा दिया और किसी को इसकी जानकारी नहीं दी।
आरोपी की निशानदेही पर शनिवार को पुलिस ने ताल से शव बरामद किया। शव काफी हद तक सड़-गल चुका था और केवल धड़ तथा हाथ-पैर के कुछ हिस्से ही शेष थे। सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि शव का सिर नहीं मिला, जिससे मौत और शव के क्षत-विक्षत होने के कारणों को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं।
मृतका के चाचा छोटेलाल राजभर ने बताया कि परिवार को केवल शव का धड़ मिला है, जबकि सिर अब तक बरामद नहीं हुआ है। उन्होंने आरोपी के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और सिर की तलाश के साथ ही घटना के सभी पहलुओं की गहन जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

0 Comments