साधु हत्याकांड का मुख्य आरोपी पुलिस मुठभेड़ में ढेर, एसओजी का सिपाही घायल!



उन्नाव। घूरेटोला मोहल्ले में साधु की हत्या के मामले में फरार चल रहे एक लाख रुपये के इनामी मुख्य आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ में मार गिराया। रविवार देर रात बांगरमऊ क्षेत्र में हुई मुठभेड़ के दौरान आरोपी की गोली से एसओजी का एक सिपाही घायल हो गया, जबकि एक उपनिरीक्षक की बुलेटप्रूफ जैकेट पर भी गोली लगी। घायल सिपाही का उपचार चल रहा है।
पुलिस के अनुसार कोतवाली क्षेत्र के घूरेटोला मोहल्ला निवासी साधु मिलनदास (35) की नौ जून को चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई थी। मामले में मृतक के बड़े भाई वीरेंद्र की तहरीर पर पांच नामजद और तीन अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। इस मामले में चार आरोपी पहले ही जेल भेजे जा चुके हैं, जबकि मुख्य आरोपी पूर्वियाटोला निवासी इजराइल उर्फ इसराइल तथा दरगाह शरीफ मोहल्ला निवासी शानू फरार चल रहे थे। दोनों पर एक-एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
पुलिस अधीक्षक जयप्रकाश सिंह ने बताया कि रविवार रात करीब 3:40 बजे बांगरमऊ पुलिस और एसओजी टीम आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे की हवाई पट्टी सर्विस रोड पर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि साधु हत्याकांड का मुख्य आरोपी इजराइल ताजपुर अंडरपास के पास अपने किसी साथी का इंतजार कर रहा है।
सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपी को आत्मसमर्पण करने के लिए कहा। आरोप है कि आरोपी ने आत्मसमर्पण करने के बजाय पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। एक गोली उपनिरीक्षक न्यूटन कुमार सिंह की बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगी, जबकि दूसरी गोली एसओजी के आरक्षी विकास भदौरिया के बाएं हाथ में लगी, जिससे वह घायल हो गए।
पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। मुठभेड़ के दौरान आरोपी इजराइल के सीने और माथे में गोली लगी। गंभीर रूप से घायल आरोपी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मौके से पुलिस ने एक तमंचा, चाकू तथा दो खोखा कारतूस बरामद किए हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घटना की सूचना पर वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच-पड़ताल की। मुठभेड़ के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक अखिलेश सिंह, क्षेत्राधिकारी संतोष सिंह, एसओजी प्रभारी जयप्रकाश यादव तथा कोतवाल अखिलेश पांडेय सहित पुलिस बल मौजूद रहा।

Post a Comment

0 Comments