आजमगढ़। सरायमीर में तेज रफ्तार का कहर एक बार फिर दो युवाओं की जिंदगी लील गया। सरायमीर थाना क्षेत्र में रविवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद स्कॉर्पियो चालक वाहन समेत फरार हो गया, जबकि सड़क पर बिखरे खून और चीख-पुकार ने पूरे इलाके को दहला दिया। पुलिस अब आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से आरोपी वाहन और चालक की तलाश में जुटी है।
जानकारी के अनुसार चककोट खानकाह गांव निवासी मिथलेश यादव (27) अपने मित्र सचिन कुमार (25) के साथ संजरपुर बाजार स्थित एक निजी नर्सिंग होम में भर्ती रिश्तेदार से मिलने जा रहे थे। देर रात करीब एक बजे दोनों छित्तूपट्टी गांव के पास पहुंचे ही थे कि पीछे से आ रही तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और दोनों युवक कई फीट दूर सड़क पर जा गिरे। गंभीर चोटों के कारण दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही सरायमीर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। दुर्घटना की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। अस्पताल और गांव में मातम का माहौल बन गया। परिजनों के अनुसार मिथलेश यादव एसएससी प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे थे और परिवार की उम्मीदों का केंद्र थे। वह तीन भाइयों और दो बहनों में सबसे छोटे थे। वहीं सचिन कुमार चार भाइयों में सबसे छोटे थे और वाहन चलाकर परिवार की आर्थिक मदद करते थे। दोनों युवकों की असमय मौत से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। सरायमीर थाना प्रभारी भुवनेश चौबे ने बताया कि अज्ञात स्कॉर्पियो चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और जल्द ही वाहन एवं चालक की पहचान कर गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी।इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। दो युवा जिंदगियां पलभर में खत्म हो गईं और पीछे छोड़ गईं रोते-बिलखते परिवारों की अंतहीन पीड़ा।

0 Comments