आजमगढ़ : प्रधान पद की तैयारी कर रहे युवक ने खुद को गोली से उड़ाया...मृतक के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट समेत कुल नौ मुकदमे दर्ज !



आजमगढ़। पंचायत चुनाव की तैयारियों के बीच जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक सनसनीखेज घटना सामने आई। ग्राम प्रधान पद की दावेदारी की तैयारी कर रहे गैंगस्टर आरोपी युवक ने बगीचे में खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए, जबकि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के केशवपुर गांव निवासी नागेंद्र यादव (27) मंगलवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे गांव से कुछ दूरी पर स्थित जमुआं गांव के एक बगीचे में पहुंचा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कुछ ही देर बाद गोली चलने की आवाज सुनाई दी। जब आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो नागेंद्र खून से लथपथ पड़ा मिला। सूचना मिलते ही जीयनपुर और मुबारकपुर थाने की पुलिस के साथ क्षेत्राधिकारी सगड़ी मौके पर पहुंचे।
पुलिस जांच में सामने आया कि नागेंद्र ने कथित रूप से नाइन एमएम पिस्टल से अपनी कनपटी पर गोली मार ली थी। गोली लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया, वहीं पूरे क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं।
बताया जा रहा है कि नागेंद्र यादव आगामी ग्राम प्रधान चुनाव में अपनी दावेदारी मजबूत करने की तैयारी कर रहा था। राजनीतिक गतिविधियों में उसकी सक्रियता बढ़ रही थी। ऐसे में उसकी अचानक मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि पुलिस फिलहाल आत्महत्या के एंगल से जांच कर रही है।
पुलिस अभिलेखों के अनुसार मृतक के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट, चोरी, मारपीट और अन्य आपराधिक मामलों समेत कुल नौ मुकदमे दर्ज थे। वह लंबे समय से पुलिस रिकॉर्ड में चिन्हित अपराधी के रूप में दर्ज था। घटना के बाद पुलिस अब इस बात की भी जांच कर रही है कि उसके पास नाइन एमएम जैसी प्रतिबंधित श्रेणी की पिस्टल कहां से आई और हथियार का लाइसेंस था या नहीं।
फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से कारतूस, हथियार और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक जांच और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर मामले की हर पहलू से जांच की जाएगी।
जीयनपुर कोतवाल विनय कुमार सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है। मृतक के पास मिली पिस्टल के स्रोत और घटना के पीछे की वास्तविक वजह का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। जांच पूरी होने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
इस घटना के बाद क्षेत्र में शोक और चर्चा दोनों का माहौल है। गांव के लोग युवक की मौत को लेकर स्तब्ध हैं, जबकि पुलिस पूरे घटनाक्रम की गहन पड़ताल में जुटी हुई है।

Post a Comment

0 Comments