माँ त्याग, क्षमा और निःस्वार्थ प्रेम की प्रतिमूर्ति होती है...मातृ दिवस पर सेंट जेवियर्स हाई स्कूल में भव्य कार्यक्रम आयोजित!



आजमगढ़। सीबीएसई बोर्ड से संचालित शहर के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान सेंट जेवियर्स हाई स्कूल एलवल में मातृ दिवस के उपलक्ष्य में रविवार को भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय प्रबंधक प्रशांत चन्द्रा, आवासीय प्रबंधक प्रद्युम्न जायसवाल, अनिरुद्ध जायसवाल, प्रधानाचार्य नीलेश श्रीवास्तव, उपप्रधानाचार्य तरणी कुमार श्रीवास्तव, विद्यालय समन्वयक धीरेन्द्र भारद्वाज, वरिष्ठ समन्वयक डॉ. रश्मि पाण्डेय, कनिष्ठ समन्वयक मोना सिंह एवं साक्षी बिसेन ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
कार्यक्रम में प्रतिभाग करने वाली मातृ अभिभावकों ने विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया। “तेरी अँगुली पकड़ के चला, माँ ओ मेरी माँ मैं तेरा लाडला” गीत की प्रस्तुति कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रही। वहीं माताओं द्वारा प्रस्तुत सामूहिक नृत्य ने समारोह में उत्साह और उल्लास का वातावरण बना दिया। विद्यालय प्रबंधन की ओर से कार्यक्रम में भाग लेने वाली सभी माताओं को पुष्पगुच्छ एवं आकर्षक उपहार प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के अंत में प्रधानाचार्य नीलेश श्रीवास्तव ने कहा कि माँ त्याग, क्षमा और निःस्वार्थ प्रेम की प्रतिमूर्ति होती है। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में माता का स्थान सर्वोच्च माना गया है। उन्होंने “जननी जन्मभूमिश्च स्वर्गादपि गरीयसी” का उल्लेख करते हुए मातृत्व की महिमा पर प्रकाश डाला तथा सभी अभिभावक माताओं के प्रति आभार व्यक्त किया।

Post a Comment

0 Comments