लखनऊ। उत्तर प्रदेश में बहुप्रतीक्षित मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर चल रहा कयासों का दौर अब खत्म हो गया है। यूपी में कल मंत्रिमंडल विस्तार होगा। रविवार शाम को साढ़े तीन बजे जनभवन में छह नेताओं को मंत्री पद की शपथ दिलाई जाएगी। वहीं, कई मंत्रियों के भी विभाग भी बदले जा सकते हैं। इससे पहले शनिवार शाम को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राज्यपाल आनंदी बेन पटेल से मुलाकात की और उन्हें नेताओं की सूची सौंपी।
मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री योगी ने राज्यपाल को लालचंद राम द्वारा लिखित पुस्तक भारतीय ज्ञान परंपरा की अवधारणा पुस्तक भी भेंट की।
दरअसल, यूपी में फिलहाल 54 मंत्री हैं। छह मंत्रियों की जगह खाली है। यहां पर कुल 60 मंत्री हो सकते हैं। सूत्रों के मुताबिक, जिन छह नए चेहरों को मंत्रिमंडल में शामिल किया जा सकता है, उनमें कृष्णा पासवान, पूजा पाल, मनोज पांडेय, भूपेंद्र चौधरी, अशोक कटारिया और रोमी साहनी का नाम शामिल है। बीते अप्रैल महीने में भी मंत्रिमंडल विस्तार के दावे किए जा रहे थे। खबरों के अनुसार, प्रदेश में मंत्रिमंडल विस्तार के साथ ही संगठन में भी फेरबदल किए जाएंगे।

0 Comments