आजमगढ़। मेहनगर थाना क्षेत्र के गोपालपुर गांव में रविवार देर रात घरेलू विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जिसमें बीच-बचाव करने गए एक पड़ोसी की जान चली गई। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल है। प्राप्त जानकारी के अनुसार आरोपी राहुल का अपनी पत्नी से आए दिन विवाद होता था। रविवार रात वह शराब के नशे में घर पहुंचा और पत्नी से कहासुनी के बाद मारपीट करने लगा। शोर सुनकर पड़ोसी रामजी (40) मौके पर पहुंचे और महिला को बचाने का प्रयास किया। इसी दौरान आरोपी राहुल ने आक्रोश में आकर लोहे की रॉड से रामजी के सिर पर वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद अफरा-तफरी मच गई और ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। घायल रामजी को पहले स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और फिर चक्रपानपुर मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर मंडलीय चिकित्सालय रेफर किया गया। वहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी राहुल को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया है। थाना प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि आरोपी के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जा रही है। मृतक रामजी मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। वह दो पुत्र और दो पुत्रियों का पिता था।
मेहनगर थाना क्षेत्र के गोपालपुर गांव में हुए हत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त लोहे की रॉड भी बरामद कर ली है। पुलिस के अनुसार 26 अप्रैल की शाम करीब 8.30 बजे आरोपी राहुल पुत्र रामजीत शराब के नशे में गाली-गलौज कर रहा था। इसी दौरान पड़ोसी रामजी ने उसे रोकने का प्रयास किया। इस पर आक्रोशित होकर आरोपी ने लोहे की रॉड से उनके सिर पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल रामजी को अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। घटना के संबंध में मृतक की पत्नी संध्या देवी की तहरीर पर थाना मेहनगर में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस टीम ने 27 अप्रैल को मुखबिर की सूचना पर आरोपी राहुल को उसके घर गोपालपुर से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। इस संबंध में थाना मेहनगर में मु0अ0सं0 132/26 धारा 103(1)/352 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

0 Comments