मामूली विवाद में युवा उद्यमी की बेरहमी से हत्या, भरथरा गांव में तनाव!




‎वाराणसी। जिले के फूलपुर थाना क्षेत्र के भरथरा (घमहापुर) गांव में रविवार रात एक मामूली सड़क हादसा खूनी हिंसा में बदल गया। कार की टक्कर से नाराज लोगों ने 36 वर्षीय युवा उद्यमी मनीष सिंह की पीट-पीटकर हत्या कर दी। जानकारी के अनुसार, मनीष सिंह अपनी दोना-पत्तल फैक्टरी से रात करीब 10 बजे कार से घर लौट रहे थे। घर से महज 100 मीटर पहले उनकी कार से गांव की एक महिला, बिंदु देवी, को हल्की टक्कर लग गई, जिससे वह घायल हो गईं।
‎घटना के बाद मौके पर जुटे कुछ लोगों ने मनीष को घेर लिया और देखते ही देखते विवाद हिंसक हो गया। आरोप है कि हमलावरों ने लाठी-डंडों और ईंटों से मनीष पर ताबड़तोड़ हमला किया। हमले की बर्बरता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि उनका सिर ईंट से कुचल दिया गया।
‎गंभीर रूप से घायल मनीष को परिजन पहले पीएचसी बसनी ले गए, जहां से उन्हें BHU Trauma Center रेफर किया गया। डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने इस मामले में आठ नामजद और एक अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया है। दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि कई अन्य संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
‎स्थिति को देखते हुए गांव में भारी पुलिस बल और पीएसी तैनात कर दी गई है ताकि किसी तरह की और अशांति न फैले।

Post a Comment

0 Comments