थाने में फरियाद लेकर पहुंचे बुजुर्ग की मौत, हार्ट अटैक की आशंका...महराजगंज थाना परिसर में अचानक बिगड़ी तबीयत, अस्पताल में चिकित्सकों ने मृत घोषित किया!



आजमगढ़: जनपद के महराजगंज थाना परिसर में शुक्रवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब फरियाद लेकर आए एक बुजुर्ग की अचानक तबीयत बिगड़ गई और उनकी मौत हो गई। चिकित्सकों ने प्रथम दृष्टया मौत का कारण हार्ट अटैक बताया है। मृतक की पहचान सलीम (70 वर्ष) निवासी सुरजीपुर के रूप में हुई है। उनके साथ आए राजेश यादव के अनुसार, दोनों किसी कार्य से सुबह लगभग 9:45 बजे थाने पहुंचे थे। गाड़ी खड़ी करने के बाद वे चाय पीने बाहर चले गए। करीब 10:15 बजे जब वे वापस थाना परिसर में पहुंचे, तभी सलीम को अचानक सीने में तेज दर्द की शिकायत हुई।
बताया जाता है कि सलीम पेड़ पकड़कर बैठ गए और कुछ ही क्षणों में जमीन पर गिर पड़े। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों और स्थानीय लोगों ने तत्काल उन्हें संभाला और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही परिजन भी मौके पर पहुंच गए। मृतक के बड़े पुत्र इशरार ने बताया कि उनके पिता पहले से ही हृदय संबंधी बीमारी से पीड़ित थे और उनका इलाज चल रहा था। उन्होंने इसे अचानक तबीयत बिगड़ने का मामला बताया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। घटना के बाद कुछ समय के लिए थाना परिसर में शोकपूर्ण माहौल बना रहा।

Post a Comment

0 Comments