आजमगढ़। सेंट जेवियर्स हाई स्कूल एलवल में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं के सम्मान में फेलिसिटेशन एवं एप्रिसिएशन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर कक्षा 10वीं के छात्र-छात्राओं ने अपने अभिभावकों के साथ उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय प्रबंध निदेशक प्रशांत चन्द्रा, आवासीय प्रबंधक प्रद्युम्न जायसवाल, अनिरुद्ध जायसवाल, प्रधानाचार्य नीलेश श्रीवास्तव, उप-प्रधानाचार्य तरणी श्रीवास्तव सहित अन्य शिक्षकों द्वारा माँ सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इसके बाद विद्यालय प्रबंधन द्वारा उत्कृष्ट अंक प्राप्त करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को उनके अभिभावकों और कक्षाध्यापकों के साथ मंच पर बुलाकर माल्यार्पण एवं स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। सम्मानित छात्रों में विनीत कुमार जायसवाल, आरव सिंह, गरिमा यादव, श्लोक गुप्ता, दृष्टि यादव, पूर्णिमा यादव, निरूपमा सिंह, नंदिनी चन्द्रा समेत कई प्रतिभाशाली विद्यार्थी शामिल रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रधानाचार्य नीलेश श्रीवास्तव ने कहा कि यह आयोजन छात्रों, शिक्षकों और अभिभावकों के सामूहिक प्रयास का परिणाम है। उन्होंने कहा कि हर बच्चा किसी न किसी क्षेत्र में प्रतिभाशाली होता है, जरूरत केवल सही मार्गदर्शन की होती है। बच्चों की तुलना करने के बजाय उनकी प्रतिभा को निखारने पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने विद्यालय की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए कहा कि पिछले कई वर्षों से विद्यालय बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर अपनी अलग पहचान बना रहा है, और भविष्य में इससे भी बेहतर परिणाम की उम्मीद है। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय प्रबंधन ने सभी छात्रों, अभिभावकों और शिक्षकों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

0 Comments