आजमगढ़: पारिवारिक विवाद में बुजुर्ग को पीट-पीटकर मार डाला...घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल!



आजमगढ़। अतरौलिया थाना क्षेत्र के भेलाडाड़ गांव में पारिवारिक रंजिश ने भयावह रूप ले लिया, जहां लाठी-डंडों से बेरहमी से पीटकर 80 वर्षीय बुजुर्ग की हत्या कर दिए जाने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, स्थानीय निवासी सुनीता मिश्रा की तहरीर में आरोप है कि उनके जेठ के पुत्र पवन कुमार मिश्रा लंबे समय से परिवार को प्रताड़ित कर रहा था। वह अक्सर गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देता था। बताया गया कि 28 अप्रैल को दोपहर करीब 2 बजे पुरानी रंजिश को लेकर विवाद शुरू हुआ। इसी दौरान आरोपी ने आपा खोते हुए 80 वर्षीय रामसिंगार मिश्रा पर हमला कर दिया। आरोप है कि उसने लाठी-डंडों व लात-घूसों से बुजुर्ग को बुरी तरह पीटा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए और उनका एक हाथ भी टूट गया। घटना के बाद परिजन घायल अवस्था में बुजुर्ग को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अतरौलिया ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक देख चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। मृतक के परिजनों ने आरोप लगाया कि आरोपी पाटीदारों के उकसावे में आकर आए दिन मारपीट करता था और इसी के चलते इस वारदात को अंजाम दिया गया। थानाध्यक्ष ने बताया कि प्राप्त तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर धाराओं में वृद्धि की जाएगी। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश में जुटी है। इस दर्दनाक घटना से पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश व्याप्त है।

Post a Comment

0 Comments