आजमगढ़: पैतृक जमीन की धोखाधड़ी केे आरोप में पति-पत्नी गिरफ्तार.. पुलिस ने किया लैपटॉप व मोबाइल फोन बरामद!



आजमगढ़। पैतृक जमीन की धोखाधड़ी और आपराधिक षड्यंत्र के मामले में वांछित पति-पत्नी को कंधरापुर थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। दोनों को बेलाइसा के पास स्थित नीबी कॉलोनी से दबिश देकर पकड़ा गया। पुलिस के अनुसार 8 जनवरी 2026 को अरुण कुमार राय, सुशील राय, बृजेश राय, नीरज राय और अश्विन राय ने थाना कंधरापुर में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि अवनीश राय और उनकी पत्नी नूतन राय ने अन्य लोगों के साथ मिलकर आपराधिक षड्यंत्र के तहत पैतृक जमीन से संबंधित दस्तावेजों में धोखाधड़ी की। आरोप है कि बीमार और असहाय अवस्था का लाभ उठाते हुए परिवार की पैतृक भूमि को छलपूर्वक बेचकर आर्थिक लाभ उठाया गया तथा विरोध करने पर वादी पक्ष को धमकाया भी गया। इस मामले में थाना कंधरापुर में मुकदमा संख्या 10/2026 धारा 319(2), 318(4), 338, 336(3), 340(2) और 351(3) बीएनएस के तहत केस दर्ज कर विवेचना की जा रही थी।
बुधवार को वरिष्ठ उपनिरीक्षक रमेश कुमार पुलिस टीम के साथ अभियुक्तों की तलाश में थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि वांछित अवनीश राय और नूतन राय बेलाइसा के पास नीबी कॉलोनी में अपने एक रिश्तेदार के घर पर मौजूद हैं और कहीं जाने की फिराक में हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर दबिश दी और दोनों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से एक लैपटॉप, चार मोबाइल फोन, आधार कार्ड और पैन कार्ड बरामद किए हैं। गिरफ्तार अभियुक्तों में अवनीश राय (39) पुत्र स्व. बृजभूषण राय और उनकी पत्नी नूतन राय (35) निवासी जोलहापुर थाना कंधरापुर शामिल हैं।
गिरफ्तारी के बाद महिला अभियुक्ता को महिला आरक्षी सुमन पासवान की अभिरक्षा में रात्रि विश्राम के लिए महिला थाना आजमगढ़ भेजा गया है। पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में वरिष्ठ उपनिरीक्षक रमेश कुमार, उपनिरीक्षक नरेन्द्र विक्रम सिंह, उपनिरीक्षक प्रमोद मध्देशिया, कांस्टेबल प्रवेश चौधरी और महिला कांस्टेबल सुमन पासवान शामिल रहीं।

Post a Comment

0 Comments