एसआई भर्ती का पेपर लीक कराने के नाम पर ठगी, STF ने गिरोह के सदस्य को दबोचा !



लखनऊ। प्रदेश में उपनिरीक्षक नागरिक पुलिस व समकक्ष पदों की सीधी भर्ती-2025 की लिखित परीक्षा का प्रश्नपत्र दिलाने का झांसा देकर अभ्यर्थियों से ठगी करने वाले गिरोह के एक सदस्य को एसटीएफ ने आगरा से गिरफ्तार किया है। आरोपी टेलीग्राम पर फर्जी चैनल बनाकर अभ्यर्थियों को प्रश्नपत्र उपलब्ध कराने का दावा करता था और उनसे ऑनलाइन पैसे वसूलता था।
जानकारी के अनुसार उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड की परीक्षा को देखते हुए सोशल मीडिया की लगातार निगरानी की जा रही थी। इसी दौरान टेलीग्राम पर “यूपी एसआई यूपी पुलिस-2026”, “रिजल्ट पैनल प्राइवेट” और “यूपी एसआई परीक्षा प्रश्नपत्र-2026” नाम से चैनल संचालित कर परीक्षा का प्रश्नपत्र उपलब्ध कराने के संदेश प्रसारित किए जा रहे थे।
इस संबंध में थाना हुसैनगंज में उत्तर प्रदेश सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों का निवारण) अध्यादेश-2024 व आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। जांच के दौरान एसटीएफ को सूचना मिली कि गिरोह का एक सदस्य आगरा में मौजूद है।
सूचना के आधार पर एसटीएफ टीम ने न्यू आगरा थाना क्षेत्र की इंजीनियर्स कॉलोनी से आरोपी आयुष बघेल को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह प्रश्नपत्र के पहले पेज को एडिट कर उसे असली प्रश्नपत्र बताकर टेलीग्राम चैनलों पर भेज देता था, जिससे अभ्यर्थियों को भरोसा हो जाता था। इसके बाद वह क्यूआर कोड और भुगतान पहचान संख्या के माध्यम से अभ्यर्थियों से धनराशि वसूलता था। पुलिस के अनुसार इस गिरोह में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है और जल्द ही अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी की संभावना है।

Post a Comment

0 Comments