लखनऊ। यूपी विधानसभा बजट सत्र के आखिरी दिन सीएम योगी आदित्यनाथ ने सदन को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय पर चुटकी ली। सीएम ने कहा, माता प्रसाद बहुत बुजुर्ग नेता हैं। मैं चाहता हूं कि वो स्वस्थ रहें। उनको शिवपाल यादव का श्राप ना लगे। इस तंज को माता प्रसाद के उस हमले के पलटवार के तौर पर देखा जा रहा है। जिसमें नेता प्रतिपक्ष ने बटुकों के मामले को लेकर महापाप और श्राप का जिक्र किया था।
सीएम योगी ने बजट को लेकर कहा कि 31 मार्च को नया बजट आने के बाद सभी विभागों की कार्य योजना तैयार कर रहे हैं। सभी विभाग अपनी कार्य योजना प्रस्तुत करेंगे। शिवपाल यादव की संगत में नेता प्रतिपक्ष ने आंकड़ों में हेर-फेर किया। 2016-2017 में राजकोषीय घाटा 4 फीसदी से ज्यादा था। आज भारत तब विकसित होगा जब राज्य विकसित होंगे।
उन्होंने कहा कि सरकारी आय 2017 में 43000 थी। अभी 1 लाख के पार है। यूपी सबसे नीचे के राज्यों में शुमार होता था लेकिन अब यूपी टॉप थ्री में है। भारत तब विकसित होगा जब राज्य विकसित होंगे। राज्य तब विकसित होगा जब जिले विकसित होंगे। जिले तब विकसित होंगे जब गांव विकसित होंगे।
सीएम योगी ने कहा कि 2026-27 में हम जीडीपी 40 लाख करोड़ के पार पहुंचाएंगे। समाजवादी पार्टी पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि सपा ने उत्तर प्रदेश को इतना बदनाम किया था कि अन्य राज्यों में लोगों को होटलों में कमरे नहीं मिलते थे। हमने भ्रष्टाचार पर लगाम लगाई है। यही वजह है कि उत्तर प्रदेश की वित्तीय स्थिति में सुधार हुआ है।सीएम योगी ने कहा, माता प्रसाद पांडेय सच्चे समाजवादी हैं। आप समाजवादी विचारधारा के साथ चले। हां, वो अलग बात है कि आपके साथ शिवपाल जी जैसे लठैत ने भी चलने की कोशिश की।

0 Comments