आजमगढ़ में सीबीएसई शिक्षक कार्यशाला का भव्य आयोजन...साइबर सेफ्टी पर मिला विशेष प्रशिक्षण!


आजमगढ़। डिजिटल युग में बढ़ते साइबर अपराधों और बच्चों की ऑनलाइन सुरक्षा को लेकर जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से जनपद के हरबंशपुर स्थित नगर के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान सर्वाेदय पब्लिक स्कूल के प्रांगण में सीबीएसई शिक्षक कार्यशाला का भव्य आयोजन किया गया। कार्यशाला में ‘साइबर सेफ्टी एंड सिक्योरिटी’ जैसे अत्यंत महत्वपूर्ण विषय पर गहन मंथन किया गया, जिससे शिक्षकों को विद्यार्थियों के सुरक्षित डिजिटल भविष्य के लिए सशक्त किया जा सके।
कार्यक्रम का शुभारम्भ विद्यालय के प्रबंधक राजेन्द्र प्रसाद यादव द्वारा माँ सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर विद्यालय की निदेशिका श्रीमती कंचन यादव, गाजीपुर से आमंत्रित रिसोर्स पर्सन श्रीमती ज्योति राय (प्रधानाचार्या, ब्लॉसम एकेडमिक स्कूल, गाजीपुर) तथा रविशंकर मिश्रा (उपप्रधानाचार्य, हेरिटेज इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल, कुशीनगर) विशेष रूप से उपस्थित रहे।
कार्यशाला के दौरान विशेषज्ञों ने साइबर क्राइम के बदलते स्वरूप, ऑनलाइन ठगी, सोशल मीडिया के दुरुपयोग तथा डिजिटल प्लेटफॉर्म पर बच्चों की सुरक्षा से जुड़े गंभीर पहलुओं पर विस्तार से प्रकाश डाला। रिसोर्स पर्सन रविशंकर मिश्रा ने लाइव गतिविधियों के माध्यम से शिक्षकों को यह बताया कि किस प्रकार साइबर अपराध होते हैं और उनसे बचाव के लिए विद्यालय स्तर पर क्या-क्या कदम उठाए जाने चाहिए।
विशेषज्ञ वक्ताओं ने इस बात पर जोर दिया कि आज शिक्षक केवल पाठ्यक्रम पढ़ाने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि उन्हें विद्यार्थियों को सुरक्षित और जिम्मेदार डिजिटल नागरिक बनाने की भी अहम भूमिका निभानी है। साइबर सेफ्टी को लेकर दिए गए व्यावहारिक सुझावों को शिक्षकों ने अत्यंत उपयोगी बताया।
कार्यशाला में विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं की सक्रिय सहभागिता रही। कार्यक्रम की सफलता पर विद्यालय प्रबंधक राजेन्द्र प्रसाद यादव ने आयोजन से जुड़े सभी लोगों को बधाई दी। वहीं उपप्रधानाचार्य संजय कुमार विश्वकर्मा ने शिक्षकों एवं अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसी कार्यशालाएं विद्यालयी शिक्षा को समय के अनुरूप मजबूत बनाती हैं। कार्यशाला ने यह संदेश दिया कि साइबर सेफ्टी आज की शिक्षा प्रणाली का अनिवार्य हिस्सा बन चुकी है, और शिक्षकों की सजगता ही विद्यार्थियों के सुरक्षित भविष्य की कुंजी है।

Post a Comment

0 Comments