आजमगढ़। सेन्ट जेवियर्स हाई स्कूल एलवल, के प्रांगण में डॉ0 सर्वपल्ली राधाकृष्णन के जन्म दिवस को शिक्षक दिवस के रूप में धूम-धाम से मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय के प्रबंध निदेशक प्रशांत चन्द्रा, आवासीय प्रबंधक प्रद्युम्न जायसवाल एवं अनिरूद्ध जायसवाल, प्रधानाचार्य नीलेश श्रीवास्तव, उप-प्रधानाचार्य तरणी श्रीवास्तव, विद्यालय समन्वयक धीरेन्द्र भारद्वाज, यामिनी अरोरा, मोना सिंह आदि ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर एवं डॉ0 सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र पर माल्यार्पण करते हुए कार्यक्रम का शुभारम्भ किया। इस कार्यक्रम में विद्यालय के होनहार एवं प्रतिभावान छात्रों द्वारा बढ़-चढ़ कर प्रतिभाग किया गया। सर्वप्रथम बच्चों ने गुरू वंदना के माध्यम से कार्यक्रम की शुरूआत की और अपने गीत, नृत्य आदि के माध्यम से स्वदेश की बहुरूपता में एकरूपता स्थापित करते हुए प्रांगण में उपस्थित समस्त छात्र-छात्राओं एवं विद्वतजन का मन मोह लिया।
स्वागत की अगली कड़ी में बच्चों ने हस्त निर्मित छवियाँ एवं पुष्पगुच्छ देकर अपने गुरूजनों का अभिवादन किया। कार्यक्रम के दौरान बच्चों द्वारा प्रस्तुत गुरूवंदना नृत्य, गुरू महिमा से संबंधित श्लोक, मैशप डांस, आधुनिक शिक्षा व्यवस्था पर आधारित एकांकी और भारतीय विविधता को दर्शाने वाले अन्य क्षेत्रीय नृत्य जैसे- गुजराती, मराठी,पंजाबी आदि कार्यक्रम आकर्षण के केन्द्र रहे। इन सभी कार्यक्रमों का संचालन सीनियर बच्चों ने अपने गुरूजनों के दिशा-निर्देशन में किया।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के प्रधानाचार्य नीलेश श्रीवास्तव ने 5 सितम्बर 1888 को तमिलनाडु में जन्मेें डॉ0 सर्वपल्ली राधाकृष्ण्न के जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि अपने जीवन के लगभग 40 वर्ष शिक्षक के रूप में व्यतीत करने वाले स्वतंत्र भारत के प्रथम उप-राष्ट्रपति द्वितीय राष्ट्रपति डॉ0 कृष्णन के जन्म दिवस को हम शिक्षक दिवस के रूप में मनाते हैं। छात्रों को नैतिकता का पाठ पढ़ाते हुए कहा कि आज के इस बदलते परिवेश में शिक्षक केवल ज्ञान दाता ही नहीं बल्कि वह चक्षु है जिसके माध्यम से आप अपने भविष्य के मार्ग का अवलोकन कर सकते है। अपने वक्तव्य के दौरान विद्यालय -प्रधानाचार्य ने बताया कि सेन्ट जेवियर्स गु्रप ऑफ फैमिली अपने निरंतर कड़ी मेहनत ,प्रयास, ईमानदारी, निष्ठा व आधुनिक शिक्षण कौशल से डॉ0 सर्वपल्ली राधाकृष्णन के सपनों को साकार कर रहा है और विगत कई वर्षाे से केन्द्रीय माध्यमिक शिक्षा परिषद के परीक्षा परिणाम में अपनी अग्रणी उपस्थिति दर्ज कराए हुए हैं। विद्यालय परिवार की तरफ से शिक्षक दिवस की हार्दिक बधाई देते हुए छात्रों से अपील करते हुए कहा कि वे इस भ्रामक समय में अपना संतुलन बनाते हुए अपने अग्रिम लक्ष्य के प्रति समर्पित रहे। अंत में उन्होने समस्त विद्यालय परिवार को शिक्षक दिवस की अनंत शुभकामनाएँ देते हुए सभी के उज्ज्वल एवं मंगलमय भविष्य की कामना की।

0 Comments