लखनऊ। कानपुर में प्रेम संबंध में जान गंवाने वाली आकांक्षा ने जिस सूटकेस पर बैठकर रील बनवाई थी उसी सूटकेश में उसका शव भरकर प्रेमी सूरज ने यमुना में फेंक दिया। फिलहाल सूरज जेल में है और पुलिस आकांक्षा का शव तलाशने के लिए यमुना नदी में सर्च अभियान चला रही है। थानाध्यक्ष हनुमंत विहार राजीव सिंह ने बताया कि कानपुर देहात के सुजनीपुर गांव निवासी विजय श्री की बेटी आकांक्षा के शव को पुलिस टीम बांदा, चित्रकूट, फतेहपुर आदि में यमुना में तलाश कर रही है। साथ ही इन जनपदों में बीते दिनों यमुना में मिले अज्ञात महिलाओं के शवों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।
साथ ही प्रयागराज से यमुना के गंगा में मिल जाने के कारण वहां के थानाक्षेत्रों से भी संपर्क किया गया है। अब तक की जांच में पुलिस को पता चला है कि शातिर सूरज कई लड़कियों को अपने प्रेम जाल में फंसाए था। इसकी जानकारी जब आकांक्षा को हुई तो उसने विरोध किया। पहले तो उसने दोबारा ऐसा न करने का भरोसा दिलाया लेकिन लड़कियों से बात करना बंद नहीं किया। 21 जुलाई की शाम को भी इन दोनों में रेस्टोरेंट में झगड़ा हुआ था। इसके बाद सूरज ने उसकी हत्या कर दी।
पुलिस की पूछताछ में सामने आया है कि सूरज के दोस्त आशीष ने कहा था कि इस समय यमुना में बाढ़ है। यहां से लेकर शव को बांदा चलो वहीं चिल्ला घाट से नदी में फेंक देंगे किसी को पता नहीं चलेगा। इसके बाद दोनों लोग बाइक पर बैग रखकर चिल्लाघाट पहुंचे और शव को यमुना में फेंक दिया। कानपुर देहात के रूरा थाना इलाके के सुजनीपुर निवासी विजयश्री की बेटी आकांक्षा (20) अपनी बड़ी बहन के साथ बर्रा में किराये के घर पर रहती थी। आकांक्षा की इंस्टाग्राम पर फतेहपुर के बिंदकी थाना इलाके के हरीखेड़ा निवासी सूरज से साल भर पहले दोस्ती हो गई। आकांक्षा दस माह पहले हनुमंत विहार स्थित एक रेस्टोरेंट में काम करने लगी।
बर्रा स्थित घर से रेस्टोरेंट की दूरी ज्यादा होने का बहाना बनाकर सूरज ने आठ माह पहले आकांक्षा को हनुमंत विहार में किराये पर कमरा दिलवा दिया। 21 जुलाई की शाम को आकांक्षा को सूरज के दूसरी लड़की से प्रेम संबंधों की जानकारी हुई। इस पर रात में कमरे में पहुंचने पर आकांक्षा और सूरज के बीच विवाद हुआ। इस पर सूरज ने आकांक्षा की छाती पर ताबड़तोड़ घूंसे मारे और गला दबाकर मार डाला। हत्या के बाद शव को ठिकाने लगाने के लिए सूरज ने फतेहपुर के जाफरगंज थानाक्षेत्र के खानपुर कदीम निवासी दोस्त आशीष को घर बुलाया। इसके बाद शव सूटकेस में रखकर बाइक से बांदा के चिल्लाघाट लेकर पहुंचे और यमुना में फेंक दिया।
मां विजय श्री के अनुसार, हनुमंत विहार थाने में आठ अगस्त को बेटी की गुमशुदगी दर्ज हुई। इसके बाद भी पुलिस ने कार्रवाई नहीं की। मां ने सूरज के खिलाफ 16 सितंबर को रिपोर्ट दर्ज कराई तो पुलिस ने सीडीआर और मोबाइल लोकेशन के आधार पर आरोपी और दोस्त को गिरफ्तार कर लिया। उसने वारदात भी कबूल कर ली। आरोपी ने बताया कि आकांक्षा शादी का दबाव बना दुष्कर्म के केस में फंसाने की धमकी देती थी। इसीलिए उसे मार डाला। शव को सूटकेस में रखकर दोस्त के साथ बाइक से 95 किलोमीटर दूर बांदा के चिल्लाघाट पर पहुंचा। वहां सूटकेस के साथ सेल्फी ली और फोटो को अपने स्टेटस पर लगाया। इसके बाद सूटकेस को यमुना में फेंक दिया। डीसीपी साउथ दीपेंद्र नाथ चौधरी ने बताया कि आरोपी सूरज के मोबाइल से फोटो भी बरामद की है। इसके साथ ही शव की तलाश की जा रही है। आरोपियों को जेल भेज दिया गया है।
0 Comments