लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में इंसानियत को झकझोर देने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। जमानत पर छूटे एक आरोपी ने पहले पीड़िता को अगवा कर उसके साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। इसका विरोध करने पर उसकी बेरहमी से पिटाई की और फिर उसके हाथ-पैर बांधकर सुनसान इलाके में झाड़ियों में फेंक दिया है। महिला का हाथ-पैर बंधा झाड़ियों से एक वीडियो सामने आया है। महिला को देखकर लोगों ने पुलिस को सूचना दी। फिलहाल पीड़िता की हालत गंभीर बनी हुई है और उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
ये पूरी घटना राजधानी लखनऊ के दुबग्गा थाना क्षेत्र की है। जहां अंशू मौर्य नामक युवक पर एक महिला ने पहले दुष्कर्म, मारपीट और धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कराया था। आरोपी को पुलिस ने पहले गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था, लेकिन बाद में वह जमानत पर रिहा हो गया। जेल से जमानत पर छूटने के बाद आरोपी ने पीड़िता को एक बार फिर अपना निशाना बना लिया है। उसने महिला को अगवा किया। उसके साथ दोबारा दुष्कर्म किया और विरोध करने पर बर्बरता से पिटाई कर दी। इसके बाद महिला के हाथ-पैर बांधकर उसे लखनऊ की आम्रपाली योजना के पास झाड़ियों में फेंक दिया।
स्थानीय लोगों ने जब झाड़ियों में बेसुध हालत में महिला को देखा तो पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर महिला को गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया। जहां पीड़िता की हालत फिलहाल नाजुक बताई जा रही है। पीड़ित महिला कानपुर की रहने वाली है। अंशू मौर्य से उसकी मुलाकात करीब साढ़े तीन साल पहले हुई थी। आरोपी ने शादी का झांसा देकर लगातार शारीरिक शोषण किया और बाद में बहन की शादी के नाम पर पीड़िता से 5 लाख 60 हजार रुपये हड़प लिए थे। जब महिला ने पैसे मांगे और शादी का दबाव बनाया तो आरोपी अंशू ने इनकार कर दिया था। इसके बाद महिला ने आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म, मारपीट और धोखाधड़ी की एफआईआर दर्ज कराई थी। जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया था, लेकिन अब जमानत पर बाहर आकर दोराबा वारदात को अंजाम दिया। फिलहाल अभी आरोपी फरार है।
0 Comments