लखनऊ। प्रतापगढ़ के एक गांव में रविवार की रात करीब नौ बजे दो बच्चों की मां से मिलने उसका प्रेमी आया और चुपके से घर में घुस गया। संयोग से परिवारवालों ने उसे देख लिया और गांववालों को खबर कर दी। वे बाहर से निगरानी करने लगे। लेकिन 24 घंटे बाद भी युवक बाहर नहीं निकला। कमरे के अंदर उसे खुद के घिर जाने की भनक लग गई थी। जब बाहर निकलने का कोई उपाय न सूझा तो उसने अपने परिवारवालों से मोबाइल पर संपर्क कर किसी तरह पुलिस और गांव के प्रधान तक अपनी बात पहुंचाई। सूचना पाकर पुलिस मौके पहुंची। तब तक 27 घंटे हो चुके थे। रात 12 बजे के करीब पुलिस ने युवक को बाहर निकाला। आधी रात को गांव में हंगामा मच गया। महिला छत के रास्ते भागने की कोशिश कर रही थी। गांववालों के कहने पर पुलिस ने उसे भी पकड़ लिया। लोग महिला और उसके प्रेमी का वीडियो बनाने लगे। पुलिस ने रोका तो हंगामा करने लगे। माहौल बिगड़ता देख आसपास के थानों की पुलिस भी मौके पर बुला ली गई। पुलिस प्रेमी-प्रेमिका को अपने साथ थाने ले गई। सुबह गांव की दर्जनों महिलाएं युवक के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए कोतवाली पहुंच गईं।
कुंडा थाना क्षेत्र के एक गांव की महिला का पति दिल्ली में रहता है। उसके दो बच्चे भी हैं। आरोप है कि रविवार रात करीब नौ बजे पड़ोसी गांव का एक युवक चुपके से उसके घर में घुस गया। उसे महिला के परिवार के लोगों ने देख लिया तो ग्रामीणों को बुला लिया। लोग घर के बाहर बैठ गए। खतरा भांप युवक बाहर नहीं निकला। सोमवार को पूरे दिन लोग पहरेदारी करते रहे। घर में फंसे प्रेमी ने देर रात अपने परिजनों के जरिए गांव के प्रधान और पुलिस को खबर भेजी।पुलिस मौके पर पहुंची तो ग्रामीणों ने उसे बाहर निकालने की बात कही। पुलिस ने दरवाजा खुलवाकर युवक को हिरासत में ले लिया तो महिला छत से कूदकर भागने लगी। ग्रामीणों के शोर मचाने पर पुलिस ने उसे भी पकड़ लिया। गांव के लोग पुलिस के सामने ही हंगामा करने लगे कि महिला और युवक दोनों को सामने ले आने की मांग करने लगे। पुलिस के समझाने के बाद लोग गाड़ी के आगे लेट गए। मामला बढ़ता देख दरोगा ने अधिकारियों को खबर दी तो कई थाने की पुलिस रात में ही गांव में पहुंच गई। इसके बाद महिला और युवक को थाने लाया जा सका। पुलिस ने महिला के पति को भी फोन कर दिल्ली से बुलाया। महिला के दोनों बच्चों को उसके रिश्तेदार अपने साथ ले गए। मंगलवार सुबह दर्जनों महिलाएं कोतवाली पहुंचकर कार्रवाई का इंतजार करने लगीं। पूरे दिन पंचायत के बाद महिला ने युवक के खिलाफ घर में घुसकर छेड़खानी की तहरीर दी। महिलाओं ने गांव के प्रधान पर भी युवक को बचाने का आरोप लगाया। इंस्पेक्टर क्राइम संजय सिंह का कहना है कि महिला ने युवक के खिलाफ घर में घुसकर छेड़खानी किए जाने की नामजद तहरीर दी है। मामले की जांच की जा रही है रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
0 Comments