लखनऊ। लोकसभा चुनाव के पहले चरण में उत्तर प्रदेश की 8 सीटों पर वोटिंग हुई, यूपी में पहले चरण में 57.7 फीसदी मतदान हुआ। पहले चरण में यूपी में वोटिंग सुबह 7 बजे से शुरू हुई और शाम 6 बजे तक हुई। यूपी में पीलीभीत, सहारनपुर, कैराना, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, नगीना, मुरादाबाद और रामपुर सीट पर मतदाताओं ने वोट डाले। यूपी में पहले चरण में हुए मतदान को लेकर समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने कहा- भाजपा का पहले दिन, पहला शो फ़्लाप हो गया है। जनता को अब न भाजपाइयों की अदाकारी अच्छी लग रही है, न कहानी, न घिसे-पिटे डॉयलॉग्स. भाजपा की खिड़की खाली है। देश की जागरूक जनता को अपने नये भविष्य को चुनने के लिए अग्रिम बधाई और जिन समाजों ने परंपरा से हटके इंडिया गठबंधन के उम्मीदवारों को खुलकर समर्थन व वोट दिया है और लगातार दे रहे हैं, उन सभी की नई राजनीतिक चेतना को नमन। वहीं सपा प्रमुख अखिलेश यादव के बयान पर उत्तर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने कहा, जनता ने अपना निर्णय दे दिया ह।. मैं जनता का हमारे पक्ष में मतदान करने के लिए धन्यवाद करता हूं। सपने देखने का अधिकार सबको है लेकिन 4 जून को सारी स्थिति स्पष्ट हो जाएगी। यूपी के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि पूरे देश में कमल के फूल की आंधी चल रही है, 4 जून को 400 पार का नारा सच होगा और संपूर्ण भारत भाजपामय हो जाएगा। उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने क्या कहा पहले चरण के चुनाव पर कहा लोकसभा चुनाव के पहले चरण में यूपी की आठ सीटों पर भाजपा की लहर चली। पीएम मोदी की लहर बहती रही, मैं विश्वास के साथ कह सकता हूं कि भाजपा इन आठ सीटों पर भारी अंतर से जीत रही है।

0 Comments