लखनऊ। निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व कैबिनेट मंत्री संजय निषाद पर रविवार की देर रात मगहर के मोहम्मदपुर कठार में आयोजित शादी समारोह में कुछ लोगों ने हमला कर दिया। जिससे वह घायल हो गए। लोग उन्हें जिला अस्पताल ले गए, जहां उनका इलाज हुआ। संजय निषाद ने सपा कार्यकर्ताओं पर हमले का आरोप लगाया है।
वहीं, एसपी सत्यजीत गुप्ता ने भी मामले में कार्रवाई का आश्वासन दिया है। कैबिनेट मंत्री पर हुए इस हमले की जानकारी उन्हीं के सोशल मीडिया अकाउंट से एक पोस्ट के जरिए दी गई है। पोस्ट में लिखा गया है कि संतकबीर नगर मोहम्मदपुर कठार के यादवों ने मत्स्य मंत्री और निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ संजय निषाद पर हमला किया है। मीडिया रिपोर्ट्स में बताया जा रहा है कि संजय निषाद पर 20-25 लोगों ने हमला किया था। हमले में पार्टी प्रमुख के नाक पर चोट लगने से ब्लीडिंग होने लगी। इसे देखते हुए उन्हें तुरंत प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी दवाई पट्टी कराई गई। इसके बाद से संजय निषाद अपने समर्थकों के साथ अस्पताल और पुलिस चौकी के बाहर धरने पर बैठ गए।
निषाद पार्टी के समर्थकों ने इस हमले का आरोप सपा कार्यकर्ताओं पर लगाया है।वहीं, मामले पर डॉक्टर निषाद ने कहा कि लोकसभा चुनाव में अपनी आसन्न हार को देख सपा के लोग बौखला गए हैं। इसी के चलते उन पर हमला किया गया। उन्होंने कहा कि वे हमले से घबराने वाले नहीं हैं। समाजवादी पार्टी को राजनीतिक दृष्टि से जवाब देते रहेंगे। पुलिस हमले की जांच कर रही है। अभी तक मामले में किसी को पकड़ा नहीं जा सका है।

0 Comments