शादी के 2 हफ्ते बाद ही जेवर-पैसे लेकर दुल्हन फरार...मायके से ससुराल तक मचा हंगामा!



फतेहपुर। जिले से एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां शादी को एक पखवाड़ा भी अभी नहीं बीता था कि दुल्हन ने ऐसा कांड कर दिया, जिससे घर वालों के साथ रिश्तेदार और गांव वाले भी सुनकर दंग हैं। दरअसल, नई नवेली दुल्हन ससुरालवालों की आंखों में धूल झोंक कर गहने और पैसे लेकर फरार हो गई। यह मामला जाफरगंज थाना क्षेत्र का है, जहां 13 दिन पहले ही ब्याह कर लाई गई दुल्हन अपने ही चचेरे भाई के साथ लाखों के जेवरात और नगदी लेकर फरार हो गई। इस दुल्हन को परिवार वाले बीते 13 दिसम्बर को ही ब्याह कर लाए थे। पीड़ित दूल्हे ने आरोपी साले के खिलाफ थाने में मामला दर्ज करवाया है। थाना क्षेत्र के बलिया बाग गांव निवासी शैलेन्द्र सिंह दो भाई हैं। बड़ा भाई अविवाहित है। माता-पिता की मौत हो चुकी है।

शैलेन्द्र एक प्राइवेट जूनियर विद्यालय में शिक्षक हैं। शैलेन्द्र के अनुसार पुलिस को दिए गए शिकायती पत्र में बताया गया कि विगत 13 दिसम्बर को उसकी शादी हमीरपुर जिले के मौदहा थाना के तिलसरस गांव निवासी रामेश्वर की बेटी राधा के साथ हुई थी। इसके बाद दुल्हन को विदा कराकर गांव ले आए। आरोप है कि रोज की तरह 26 दिसम्बर की सुबह शैलेन्द्र स्कूल चला गया और बड़ा भाई खेतों में गन्ने की कटाई करवा रहा था। इस दौरान राधा घर मे अकेली थी। करीब 2.30 बजे शैलेन्द्र जब स्कूल से वापस लौटा तो घर से राधा गायब थी। घर मे सारा समान बिखरा पड़ा था। राधा जाते समय साढ़े तीन लाख के सोने-चांदी के जेवरात और 55 हजार रुपए नकदी भी ले गई। आस-पड़ोस वालों से जानकारी मिली कि उसका चचेरा साला वीर सिंह यादव बाइक से आकर राधा को ले गया है। इस पर पीड़ित ने ससुराल वालों को घटना बताई तो पता चला की वहां भी दोनों नहीं पहुंचे। थानाध्यक्ष सतपाल सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओं में आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की जांच की जा रही है।

Post a Comment

0 Comments