अखिलेश ने कहा कि कांग्रेस में बुराइयां हैं, पर अभी सबसे खराब भाजपा से हमारी लड़ाई!
दिल्ली में एक टीवी चैनल के कार्यक्रम में अखिलेश ने कहा कि आजमगढ़ के चुनाव में कांग्रेस ने मेरे (अखिलेश) खिलाफ पोस्टर लगाए, जबकि इस तरह के व्यक्तिगत हमले नहीं करने चाहिए थे। लेकिन, कई बार इवेंट मैनेजर नेताओं को गलत राह पर ले जाते हैं। अखिलेश ने कहा कि नेताजी (मुलायम सिंह यादव) रायबरेली और अमेठी में राजनीतिक शिष्टाचार के चलते प्रत्याशी नहीं उतारते थे। हम आगे भी इस पर जरूर विचार करेंगे।
उन्होंने कांग्रेस के साथ अतीत में रहे मतभेदों पर कहा कि लड़ाई भाजपा से है, इसलिए पीछे मुड़कर देखने की जरूरत नहीं है। टमाटर के दाम का विरोध करने पर हमारे साथियों को जेल भेजा जा रहा है। रोजगार के झूठे आंकड़े रखे जा रहे हैं। पिछले चुनाव हम इसलिए भी हारे कि समाजवादी जनता को समझा रहे थे, जबकि भाजपा के लोग भटका रहे हैं।
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि मुजफ्फरनगर की घटना में शामिल शिक्षिका समाज पर धब्बा है। पूरे देश के शिक्षकों को उसे दंडित करने के लिए आवाज उठानी चाहिए। अखिलेश ने एक्स के जरिये कहा कि मुजफ्फरनगर के एक वायरल वीडियो में एक शिक्षिका एक अल्पसंख्यक बच्चे को दूसरे बच्चों से पिटवा रही है। इसमें वह दोहरे अपराध की दोषी है, क्योंकि वह पिटवा भी रही है और दूसरे बच्चों को हिंसक भी बना रही है।

0 Comments