अखिलेश के करीबी जिपं अध्यक्ष की 2.5 करोड़ की संपत्ति कुर्क...जेल में बंद हैं पति-जेठ!


एटा।जिले के पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष जुगेंद्र सिंह की पत्नी और समाजवादी पार्टी से वर्तमान जिला पंचायत अध्यक्ष रेखा यादव की आगरा में ढाई करोड़ की संपत्ति बुधवार को कुर्क की गई। सपा नेता पूर्व विधायक रामेश्वर सिंह, जुगेंद्र सिंह और इनके परिजन की अब तक 1.07 अरब की संपत्ति कुर्क की जा चुकी है।

जिले की पुलिस ने आगरा के हरीपर्वत क्षेत्र स्थित नालंदा प्राइड रेजीडेंसी हनुमान मंदिर के पास फ्लैट नंबर 101 को कुर्क कर सील किया है। इसका क्षेत्रफल 293.56 वर्गमीटर है। फ्लैट जुगेंद्र सिंह यादव की पत्नी रेखा यादव के नाम दर्ज है। इसकी बाजार में कीमत 2.50 करोड़ रुपये है। पुलिस की ओर से उप्र गिरोहबंद एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप निवारण अधिनियम के तहत यह कार्रवाई की गई। इसमें फ्लैट के बाहर मुनादी कराई गई। इसके बाद इसे कुर्क कर सील कर दिया गया।

एएसपी धनंजय सिंह कुशवाहा ने बताया कि गैंगस्टर जुगेंद्र सिंह यादव निवासी अमृतपुर रघूपुर थाना जसरथपुर हाल निवासी प्रेमनगर कोतवाली नगर ने अपराध करके अवैध स्रोतों से संपत्तियां जुटाई हैं। इन संपत्तियों को अपने पुत्र, पत्नी और करीबियों के नाम किया है। ऐसी संपत्तियों को चिह्नित कर कार्रवाई की जा रही हैं। बताया कि अब तक 361 संपत्तियाें को कुर्क किया गया है। इनकी कीमत एक अरब सात करोड़ रुपये है।

Post a Comment

0 Comments