मनोज श्रीवास्तव
लखनऊ। एनआईए से मिली इनपुट के बाद उत्तर प्रदेश एटीएस ने गोंडा जिले से दो संदिग्ध आतंकियों को गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि आरोपी किसी घटना को अंजाम देने की फिराक में थे।सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार पकड़े गए एक आरोपी की पहचान गोंडा निवासी सद्दाम शेख के रूप में हुई है। जबकि एक आरोपी की पहचान जम्मू कश्मीर निवासी रिजवान खान के रूप में हुई है। दोनो आरोपियों के खिलाफ राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है। एटीएस सूत्रों की मानें तो दोनों आरोपी लगातार पाकिस्तानी आतंकी संगठन के संपर्क में थे आरोपी। पिछले छह महीने से नेपाल स्थित पाक खुफिया एजेंसी आईएसआई के गुर्गों के साथ मिल कर भारत विरोधी कई नेटवर्क को अंजाम देना चाहते थे। फिलहाल दोनों गिरफ्तार संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है। ये भारत में युवाओं को गुमराह कर आईएसआईए, हिजबुल मुजाहिदीन और अलकायदा से जुड़ने की मुहिम चला रहे थे।
उत्तर प्रदेश के अपर पुलिस महानिदेशक कानून व्यवस्था प्रशांत कुमार ने बताया कि गोंडा जिले की देहात कोतवाली का रहने वाला सद्दाम शेख एनडीसी नामक एक कम्पनी बनाया था। जांच में आया है कि सद्दाम ऑन लाइन एक्टिविटी के माध्यम से आतंकी गतिविधियों से जुड़े पेपर्स आतंकी संगठनों आईएसआई, अलकायदा और हिजबुल मुजाहिदीन को भेजता था। सोशल मीडिया पर भी उसने कई विवादित पोस्ट भी किये हैं। पूछताछ में सद्दाम ने बताया कि ओसामा बिन लादेन, जाकिर मूसा, रियाज नायकू, जावेद नट, समीर टाइगर जैसे आतंकी उसके आइडियल हैं। उसके फोन से इन आतंकवादियों के फोटो भी मिले हैं।उसने फेसबुक पर आईडी बनाई है जिसे फेसबुक ने आतंकी सामग्री पोस्ट करने के कारण ब्लाक कर दिया।
सूत्रों के अनुसार दूसरा जम्मू-कश्मीर के मिडिल स्कूल लैंड मार्क में रहने वाला रिजवान हिजबुल मुजाहिदीन और गजवातुल हिंद से जुड़ा आतंकी है। पूछताछ में यह बात सामने आयी है कि जम्मू कश्मीर में बैठ कर रिजवान सोशल मीडिया के प्लेटफार्म पर आतंकी गतिविधियों को अंजाम देता है। प्रतिबंधित आतंकी संगठनों की फोटो लगा कर अन्य लोगों को आतंकी गतिविधियों में शामिल होने के लिए प्रेरित करता है। एटीएस ने उसके पास से एके47 की कारतूस और आतंकियों के साथ प्रशिक्षण लेते फोटो भी बरामद किया है। उसने बताया है कि वह जाकिर मूसा और तंजीम जैसे संगठन बनाना चाहता था। उसकी गिरफ्तारी जम्मू से हुई है। वह पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर के कैम्पों में भी प्रशिक्षण ले चुका है। इस दौरान वह दस बार पाकिस्तान भी गया है।


0 Comments