आजमगढ़। जिलाधिकारी विशाल भारद्वाज ने समस्त उप जिलाधिकारियों से कहा कि आगामी 29 जुलाई को पड़ने वाले मोहर्रम को सकुशल संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियों को सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मुहर्रम त्यौहार के दृष्टिगत थानों में बैठक कर पिछले 3-4 सालों के विवाद रजिस्टर का अध्ययन कर लें। उन्होंने कहा कि जो भी विवादित हों, उन्हें सुसंगत धाराओं में पाबंद करना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि आयोजकों एवं पुराने लोगों से तथा अपने अन्य सोर्स के माध्यमों से भी विवादों का फीडबैक प्राप्त कर लें। उन्होंने कहा कि मोहर्रम जुलूस के रूट का निरीक्षण कर लें तथा रोड पर साफ-सफाई करायें व ईंट, पत्थर आदि न हो, यह सुनिश्चित करें।
जिलाधिकारी ने ये निर्देश कल देर शाम कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित उप जिलाधिकारियों की समीक्षा बैठक में दिए। उन्होंने कहा कि सावन माह चल रहा है, इसलिए प्रमुख मंदिरों व शिवालयों के आसपास एवं वहां तक पहुंचने वाली सड़कों की भी सफाई व्यवस्था जिला पंचायती राज विभाग एवं संबंधित अधिशासी अधिकारी से समन्वय स्थापित कर सुनिश्चित करायें। उन्होंने कहा कि जल भराव वाले स्थानों पर भी प्रॉपर व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि सभी उपजिलाधिकारी जहां पर लाइटिनिंग की घटना हुई है, वहां के गांव का अवश्य भ्रमण करें। उन्होंने कहा कि ग्राम प्रधानों से मिलकर सभी आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करें तथा पीड़ित व्यक्ति को नियमानुसार लाभ दिलाएं। जिलाधिकारी ने कहा कि विभिन्न परियोजनाओं हेतु भूमि की उपलब्धता सुनिश्चित कराएं। उन्होंने कहा कि चारागाह की जमीनों का शत-प्रतिशत चिन्हीकरण कर खंड विकास अधिकारी को उपलब्ध करा दें। उन्होंने कहा कि बंजर, ऊसर आदि भूमि चिन्हीकरण करा लिया जाए। उन्होंने कहा कि मेन रोड पर स्थित जमीनों को किसी को आवंटित न करें। उन्होंने कहा कि धारा-80 आरसी एक्ट के मामले 45 दिन से अधिक लंबित न रहें। उन्होंने कहा कि धारा-24 के अंतर्गत कार्यवाही कर विवरण तहसीलवार, कब्जा एवं बेदखली की आख्या एक महीने के अंदर आ जाए।
जिलाधिकारी ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की समीक्षा करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना से संबंधित प्राप्त शिकायतों का तत्काल निस्तारण करना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि समस्त एसडीएम खाद की दुकानों को चेक कर लें। उन्होंने कहा कि डीएपी व यूरिया की कमी की शिकायत नहीं आनी चाहिए। उन्होंने कहा कि दुकानों पर रेट एवं कितना स्टाक है, इसका पूरा विवरण बोर्ड पर प्रदर्शित करायें। उन्होंने कहा कि सभी एसडीएम फर्टिलाइजर से संबंधित किसी भी प्रकार की शिकायत पर जिला कृषि अधिकारी एवं उप कृषि निदेशक से तत्काल संपर्क करें। उन्होंने कहा कि प्राइवेट एवं कोआपरेटिव की दुकानों पर कितना यूरिया व डीएपी है, इसकी पूरी जानकारी रखें। जिलाधिकारी ने कहा कि सभी उप जिलाधिकारी अनिवार्य रूप से 10 से 12 बजे तक आफिस में बैठें तथा आने वाली शिकायतों का निस्तारण प्राथमिकता से सुनिश्चित करें।
उन्होंने कहा कि तहसीलदार एवं नायब तहसीलदार मौके पर जाकर निस्तारण करना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि जन शिकायतों का निस्तारण गुणवत्ता परक होना चाहिए। जिलाधिकारी ने इसके साथ ही आइजीआरएस पोर्टल, स्वामित्व पोर्टल, अवशेष घरौनी, आरसी की वसूली एवं आरटीके की भी समीक्षा कर आवश्यक दिशा निर्देश दिए। बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व आजाद भगत सिंह, मुख्य राजस्व अधिकारी, समस्त उप जिलाधिकारी, उप कृषि निदेशक मुकेश कुमार एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

0 Comments